
प्रकाशनार्थ/प्रसारणार्थ
अपराध पर फर्जी आंकड़े ट्वीट कर तेजस्वी मौन क्यों? – नीरज कुमार
25 मई 2026, पटना।
जद (यू) विधान पार्षद सह मुख्य प्रदेश प्रवक्ता श्री नीरज कुमार ने सोशल मीडिया संवाद करते हुए नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव पर तीखा हमला बोला और कहा कि अपराध पर फर्जी आंकड़े पोस्ट कर तेजस्वी यादव अचानक मौन क्यों हो गए?
उन्होंने कहा कि ट्वीट कर जिन 50 आपराधिक घटनाओं का तेजस्वी यादव ने जिक्र किया था उनमें से 19 घटनाएं फर्जी पाई गई। ऐसे में उनसे 24 घंटे में उन फर्जी घटनाओं का ब्यौरा उपलब्ध कराने की मांग करने के बाद अभी तक वो उन घटनाओं की कोई जानकारी उपलब्ध नहीं करा सके हैं। ऐसे में ये साफ है कि तेजस्वी यादव का मकसद मीडिया में केवल झूठ फैलाना एवं बिहार को बदनाम करना था।
तेजस्वी यादव से सवाल पूछते हुए उन्होंने कहा कि यदि उनके पास तथ्यों का आधार है तो वे सार्वजनिक रूप से बताएं कि घटना कब हुई, किस थाने में प्राथमिकी दर्ज हुई, आरोपी कौन हैं और क्या कार्रवाई हुई?
आपराधिक मामलों को राजनीतिक हथियार बनाना अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण और गैर-जिम्मेदाराना है। यदि कोई घटना हुई है तो उसका प्रमाण प्रस्तुत करें, अन्यथा जनता से माफी मांगें।
उन्होंने कहा कि यह राजनीति नहीं, बल्कि ‘फर्जी नैरेटिव माॅडल’ है कृपहले ट्वीट करो, फिर डर फैलाओ, ट्रेंड चलाओ और सच सामने आने पर चुप्पी साध लो।
तेजस्वी यादव के पुत्र के गाजियाबाद में जन्मदिन मनाने की बात पर उन्होंने आशा जताते हुए कहा कि देश अभी गंभीर संकट से गुजर रहा है जहां प्रधानमंत्री लोगों से बचत करने की अपील कर रहे हैं ऐसे में तेजस्वी यादव भी अपने पुत्र का जन्मदिन सादगी से मनाएंगे एवं मितव्ययिता का ख्याल रखेंगे।
(संजय कुमार सिन्हा)
कार्यालय सचिव



