
प्रकाशनार्थ/प्रसारणार्थ
सभी स्तरों के सरकारी अस्पतालों में गुणवत्तापूर्ण उपचार सुनिश्चित करना सरकार की प्राथमिकता – निशांत
जनसुनवाई कार्यक्रम में स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार ने फरियादियों की समस्याएँ सुनकर त्वरित समाधान के दिए निर्देश
परिवहन मंत्री दामोदर रावत एवं आपदा प्रबंधन मंत्री रत्नेश सदा ने भी सुनीं विभागीय समस्याएँ
10 जुन 2026, पटना।
बुधवार को जद (यू) प्रदेश कार्यालय, पटना में आयोजित जनसुनवाई कार्यक्रम में मा0 स्वास्थ्य मंत्री श्री निशांत कुमार ने प्रदेश के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में पहुँचे फरियादियों से सीधा संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं एवं शिकायतों को गंभीरतापूर्वक सुना। उन्होंने प्राप्त आवेदनों के विधिसम्मत एवं त्वरित निष्पादन को सुनिश्चित करने हेतु संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इस मौके पर श्री निशांत कुमार ने कहा कि आमजन को बेहतर एवं समुचित उपचार उनके नजदीकी सरकारी अस्पतालों में ही उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। मरीजों को अनावश्यक रूप से उच्च संस्थानों में रेफर किए जाने की स्थिति को न्यूनतम करने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है। इस दिशा में जिला अस्पतालों सहित सभी स्तर के सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों को आधुनिक चिकित्सा उपकरणों, विशेषज्ञ चिकित्सकों एवं आवश्यक संसाधनों से सुसज्जित किया जा रहा है, ताकि अधिकांश बीमारियों का उपचार स्थानीय स्तर पर ही सुनिश्चित हो सके।
उन्होंने कहा कि राज्य में ट्राॅमा सेंटरों की संख्या बढ़ाने के लिए भी सरकार प्रतिबद्ध है। साथ ही, सरकारी अस्पतालों में गुणवत्तापूर्ण दवाओं की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा आमजन को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएँ प्रदान करने की दिशा में प्रभावी पहल की जा रही है।
इस अवसर पर मा0 परिवहन मंत्री श्री दामोदर रावत एवं मा0 आपदा प्रबंधन मंत्री श्री रत्नेश सदा ने भी अपने-अपने विभागों से संबंधित मामलों की सुनवाई करते हुए उनके शीघ्र समाधान के लिए आवश्यक पहल की। इस मौके पर विधान परिषद में सत्तारूढ़ दल के मुख्य सचेतक श्री संजय कुमार सिंह उर्फ गांधी जी सहित पार्टी के कई नेतागण मौजूद रहे।
कार्यक्रम में उपस्थित फरियादियों ने मंत्रियों की संवेदनशीलता एवं जनसमस्याओं के समाधान के प्रति प्रदर्शित गंभीरता की संतोष व्यक्त करते हुए सराहना की।
(संजय कुमार सिन्हा)
कार्यालय सचिव



