
राज्यकर्मियों और पेंशनभोगियों को महंगाई भत्ते में 5 प्रतिशत बढ़ोतरी स्वागतयोग्य निर्णय: उमेश सिंह कुशवाहा
09 दिसम्बर 2025
मंगलवार को माननीय मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार की अध्यक्षता में आयोजित राज्य कैबिनेट की बैठक में राज्यकर्मियों एवं पेंशनभोगियों के लिए महंगाई भत्ते में 5 प्रतिशत की वृद्धि को मंजूरी दी गई। इस निर्णय पर प्रतिक्रिया देते हुए जदयू के माननीय प्रदेश अध्यक्ष श्री उमेश सिंह कुशवाहा ने कहा कि यह कदम वित्तीय रूप से अत्यंत महत्वपूर्ण है, क्योंकि इससे प्रत्यक्ष रूप से राज्य के लाखों कर्मचारी और पेंशनभोगी लाभान्वित होंगे। यह बढ़ोतरी कर्मचारियों की क्रयशक्ति को मजबूत करेगी और परिवारों के आर्थिक संतुलन को बनाए रखने में सहायक होगी
उन्होंने कहा कि यह निर्णय राज्यकर्मियों और पेंशनभोगियों के वेतन तथा पेंशन ढांचे में वास्तविक राहत प्रदान करने के साथ-साथ सामाजिक सुरक्षा को भी सुदृढ़ करेगा। प्रदेश अध्यक्ष ने यह भी कहा कि मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार सदैव संवेदनशील और जनकेंद्रित शासन के प्रतीक रहे हैं। उनके नेतृत्व में लिए गए हर निर्णय जनता की जरूरतों और अपेक्षाओं के अनुरूप होते हैं
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि राज्य सरकार लगातार ऐसे कदम उठा रही है, जो न केवल तात्कालिक आर्थिक सहयोग प्रदान करते हैं, बल्कि दीर्घकालिक वित्तीय स्थिरता और प्रशासनिक संतुलन को भी मजबूत बनाते हैं। अंत में, उन्होंने मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि महंगाई भत्ते में यह बढ़ोतरी सरकार की संवेदनशीलता और जनहित के प्रति प्रतिबद्धता का स्पष्ट प्रमाण है।
(संजय कुमार सिन्हा)
कार्यालय सचिव



