जनता की नजर में ‘पार्ट-टाइम’ नेता हैं तेजस्वी यादव – उमेश सिंह कुशवाहा

जनता की नजर में ‘पार्ट-टाइम’ नेता हैं तेजस्वी यादव – उमेश सिंह कुशवाहा
28 मार्च 2026, पटना।
बिहार जद (यू0) के मा0 प्रदेश अध्यक्ष श्री उमेश सिंह कुशवाहा ने शनिवार को जारी बयान में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव पर निशाना साधते हुए उन्हें जनता की नजर में ‘पार्ट-टाइम’ नेता करार दिया। उन्होंने कहा कि तेजस्वी यादव की राजनीति केवल सत्ता प्राप्ति के उद्देश्य तक सीमित है, ताकि एक बार फिर प्रदेश में लूट और भ्रष्टाचार की पुरानी परिपाटी को स्थापित किया जा सके।
श्री कुशवाहा ने तंज कसते हुए कहा कि तेजस्वी यादव ने न तो छात्र जीवन में पढ़ाई को गंभीरता से लिया, न ही युवावस्था में अपने क्रिकेट करियर को, और अब राजनीति में भी उनकी गंभीरता का अभाव साफ दिखाई देता है। बिहार की जनता ऐसे अवसरवादी और गैर-गंभीर नेतृत्व को भली-भांति पहचान चुकी है। उनकी दिखावे वाली राजनीति की दुकान अधिक दिनों तक नहीं चलने वाली है।
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि आम जनता के प्रति तेजस्वी यादव के भीतर न तो जवाबदेही का भाव दिखता है और न ही बिहार की बेहतरी के प्रति कोई गंभीर प्रतिबद्धता। उनकी राजनीति का मुख्य आधार केवल अनर्गल बयानबाजी, दुष्प्रचार फैलाना और बिना काम के झूठा श्रेय लेना बन गया है।
उन्होंने कहा कि बिहार की जागरूक जनता ने मा0 मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में लोकसभा और विधानसभा चुनाव में एनडीए को प्रचंड जनादेश देकर यह स्पष्ट कर दिया है कि झूठ और भ्रम की राजनीति से अब बिहार की जनता को गुमराह नहीं किया जा सकता।
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि जो नेता विदेश टूर के आदि हो चुके हैं, वे कभी जनता का भला नहीं कर सकते। ऐसे असंवेदनशील नेता-प्रतिपक्ष से बिहार की जनता को कोई अपेक्षा नहीं है।
(संजय कुमार सिन्हा)
कार्यालय सचिव



