
निवेशकों को बड़ी रियायतें, उद्योगों का जाल बिछाने और बिहार को औद्योगिक हब बनाने में जुटी नीतीश सरकार – डा0 निहोरा प्रसाद यादव
पटना 08 दिसम्बर 2025
जद (यू0) प्रदेश प्रवक्ता डा0 निहोरा प्रसाद यादव ने मीडिया में जारी बयान में कहा कि बिहार में मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में बनी एनडीए सरकार अपने संकल्पों और वायदों को पूरी प्रतिबद्धता के साथ लागू करने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रही है। सरकार ने स्पष्ट कर दिया है कि 2025 से 2030 का समय बिहार के औद्योगिक उत्कर्ष का काल होगा, और राज्य में उद्योगों का जिस स्तर पर विस्तार होना है, उसकी तैयारियां बेहद गंभीरता और व्यवस्थित ढंग से शुरू हो चुकी हैं। निवेशकों को आकर्षित करने के लिए उन्हें नई सुविधाएं, रियायतें और बेहतर माहौल उपलब्ध कराया जा रहा है, ताकि बिहार उद्योग और रोजगार का मजबूत केंद्र बन सके।
मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार स्वयं पूरे अभियान की नियमित समीक्षा कर रहे हैं और यह सुनिश्चित कर रहे हैं कि उद्योग विस्तार तथा 1 करोड़ रोजगार सृजन से जुड़े हर वादे पर ईमानदारी से अमल हो। उनकी कार्यशैली हमेशा से परिणाम देने वाली रही है और पिछले वर्षों में उन्होंने जो भी वादे किए, उन्हें पूरा कर जनता का विश्वास जीता है। उन्होंने भरोसा जताते हुए कहा कि मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार का बिहार को रोजगार और औद्योगिक दृष्टि से नई ऊँचाइयों पर ले जाने का संकल्प भी समय पर और पूरी सफलता के साथ पूरा होगा।
राज्य सरकार के इन प्रयासों का असर आने वाले दिनों में स्पष्ट रूप से दिखाई देगा, जब बिहार तेजी से विकास की सीढ़ियाँ चढ़ते हुए बेरोजगार युवाओं को बड़े पैमाने पर रोजगार और अवसर प्रदान करेगा। उन्होंने आशा जताते हुए कहा कि आर्थिक रूप से मजबूत बिहार आने वाले पाँच वर्षों में विकसित राज्यों की टाॅप टेन सूची में शामिल होगा और औद्योगिक विकास की नई कहानियां लिखेगा। मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार की अगुवाई में एनडीए सरकार अपने विजन, इच्छाशक्ति और पारदर्शिता के बल पर बिहार के उज्ज्वल भविष्य की आधारशिला रख रही है। (संजय कुमार सिन्हा)
कार्यालय सचिव



