समृद्धि यात्रा के जरिए भविष्य के बिहार की नींव रख रहे हैं मुख्यमंत्री नीतीश कुमार – डा0 निहोरा प्रसाद यादव

समृद्धि यात्रा के जरिए भविष्य के बिहार की नींव रख रहे हैं मुख्यमंत्री नीतीश कुमार – डा0 निहोरा प्रसाद यादव
18 जनवरी 2026, पटना
जद (यू0) प्रदेश प्रवक्ता डा0 निहोरा प्रसाद यादव ने सोशल संवाद करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार की समृद्धि यात्रा बिहार के सर्वांगीण विकास की दिशा में एक ऐतिहासिक और दूरदर्शी पहल है। यह यात्रा 16 जनवरी से महात्मा गांधी की धरती पश्चिमी चंपारण की ऐतिहासिक भूमि से प्रारंभ हुई, जो अपने आप में प्रतीक है कि मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार बिहार के विकास को उसकी जड़ों से मजबूती देने के संकल्प के साथ आगे बढ़ रहे हैं।
समृद्धि यात्रा मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार की सोलहवीं यात्रा है और अनुभव बताता है कि जब-जब मुख्यमंत्री ने बिहार के जिलों का दौरा किया है, तब-तब राज्य के विकास को नई गति मिली है। यह यात्रा केवल औपचारिक कार्यक्रम नहीं है, बल्कि जमीनी हकीकत का प्रत्यक्ष आॅडिट है, जिसमें यह देखा जा रहा है कि कौन-सी योजना धरातल पर उतरी और कहाँ सुधार की आवश्यकता है। मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार का स्पष्ट मानना है कि केवल कार्यालय में बैठकर विकास संभव नहीं है, बल्कि विकास की वास्तविक तस्वीर तभी सामने आती है जब योजनाओं को मौके पर जाकर देखा जाए।
जिले में आयोजित कार्यक्रम में माननीय मुख्यमंत्री ने लगभग ₹153 करोड़ की लागत से 125 विकास योजनाओं का शिलान्यास किया तथा लगभग ₹29 करोड़ की लागत से पूर्ण हो चुकी योजनाओं का उद्घाटन किया। इसके साथ-साथ उन्होंने किसान मेला सह कृषि यंत्र प्रदर्शनी का उद्घाटन कर आधुनिक कृषि तकनीकों का अवलोकन किया और किसानों से सीधा संवाद भी किया।
उन्होंने विपक्ष द्वारा समृद्धि यात्रा पर उठाए जा रहे सवाल को निराधार बताया और कहा कि वास्तव में यह यात्रा जनता से सीधा संवाद स्थापित करने, फीडबैक लेने और भविष्य की आवश्यकताओं के अनुरूप नई योजनाओं की घोषणा करने का माध्यम है। मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार पंचायत, प्रखंड और जिला स्तर की समस्याओं को समझकर उसी आधार पर निर्णय लेते हैं, जिससे विकास योजनाएँ वास्तविक जरूरतों के अनुरूप बनती हैं।
उन्होंने कहा कि कड़ाके की ठंड और शीतलहर के बावजूद मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार का जिलों-जिलों में जाकर योजनाओं की समीक्षा करना इस बात का प्रमाण है कि वे पूरी तरह स्वस्थ, सक्रिय और बिहार के विकास के प्रति प्रतिबद्ध हैं। समृद्धि यात्रा मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार के विजन और नेतृत्व का प्रतीक है, जो बिहार को प्रगति और समृद्धि के पथ पर आगे ले जाने का मजबूत आधार बनेगी। जनता ने उन्हें विकास की जिम्मेदारी सौंपी है और वे निश्चित रूप से इस विश्वास पर खरे उतरेंगे।
(संजय कुमार सिन्हा)
कार्यालय सचिव



