
प्रकाशनार्थ/प्रसारणार्थ
चीनी की मिठास के साथ विकास की रफ्तार-25 जिलों में लगेंगी मिलें – जद (यू)
13 फरवरी 2026, पटना।
जद (यू) प्रदेश प्रवक्ता श्री परिमल कुमार एवं मीडिया पैनलिस्ट डाॅ मधुरेंदु पांडेय ने मीडिया में जारी बयान में कहा कि बिहार में औद्योगिक विकास की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम उठाते हुए राज्य सरकार ने 25 नए जिलों में चीनी मिलों की स्थापना का फैसला लिया है। यह पहल न केवल प्रदेश के औद्योगिक ढांचे को मजबूत करेगी, बल्कि लाखों गन्ना किसानों के जीवन में नई उम्मीद और समृद्धि लेकर आएगी।
मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में सरकार गन्ना किसानों को उनकी मेहनत का उचित मूल्य दिलाने के लिए प्रतिबद्ध है। लंबे समय से किसान अपनी उपज का वाजिब दाम और समय पर भुगतान की अपेक्षा कर रहे थे। नई चीनी मिलों की स्थापना से किसानों को अपने उत्पाद के लिए स्थानीय स्तर पर बेहतर बाजार उपलब्ध होगा, परिवहन लागत में कमी आएगी और भुगतान प्रक्रिया अधिक पारदर्शी एवं त्वरित होगी।
राज्य सरकार द्वारा इन चीनी मिलों की स्थापना हेतु आवश्यक भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया शीघ्र प्रारंभ की जाएगी। यह पूरी प्रक्रिया पारदर्शिता, संवेदनशीलता और किसानों के हितों को सर्वोपरि रखते हुए संचालित की जाएगी। सरकार का स्पष्ट मानना है कि औद्योगिक विकास और किसान कल्याण साथ-साथ आगे बढ़ सकते हैं और यही ‘‘समृद्ध बिहार’’ की नींव है।
इन नई इकाइयों के शुरू होने से स्थानीय स्तर पर बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर सृजित होंगे। प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से हजारों युवाओं को रोजगार मिलेगा, जिससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी और पलायन पर भी अंकुश लगेगा। चीनी उद्योग के विस्तार से सहायक उद्योगों, परिवहन, भंडारण और व्यापार गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।
उन्होंने कहा कि बिहार की प्रगति का रास्ता गांव, किसान और उद्योग से होकर गुजरता है। चीनी की मिठास के साथ बिहार के विकास की रफ्तार भी बढ़ेगी। गन्ना किसानों की मेहनत अब रंग लाएगी और राज्य आर्थिक समृद्धि के एक नए अध्याय की ओर अग्रसर होगा
(संजय कुमार सिन्हा)
कार्यालय सचिव



