अगले पाँच साल युवाओं के लिए नई संभावनाओं का स्वर्णिम काल सिद्ध होगा – उमेश सिंह कुशवाहा

अगले पाँच साल युवाओं के लिए नई संभावनाओं का स्वर्णिम काल सिद्ध होगा – उमेश सिंह कुशवाहा
28 नवंबर 2025
बिहार जद (यू) के माननीय प्रदेश अध्यक्ष श्री उमेश सिंह कुशवाहा ने शुक्रवार को बयान जारी कर कहा कि माननीय मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में एनडीए सरकार का आगामी पाँच वर्षों का कार्यकाल युवाओं के लिए नई संभावनाओं का स्वर्णिम काल सिद्ध होगा। उन्होंने कहा कि राज्य के युवाओं को सरकारी नौकरी और रोजगार उपलब्ध कराना हमेशा से नीतीश सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता रही है।
इसी प्रतिबद्धता के अंतर्गत सात निश्चय-2 के तहत वर्ष 2020-25 के बीच 50 लाख युवाओं को सरकारी नौकरी एवं रोजगार प्रदान किए गए हैं, जो अपने आप में ऐतिहासिक उपलब्धि है। प्रदेश अध्यक्ष ने आगे कहा कि आने वाले पाँच वर्षों में 1 करोड़ युवाओं को नौकरी और रोजगार उपलब्ध कराने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है, और इस लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए राज्य सरकार पूरी तरह एक्शन मोड में तीव्र गति के साथ कार्य कर रही है।
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि माननीय मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार द्वारा नियुक्ति प्रक्रिया को अधिक सुगम, पारदर्शी और समयबद्ध बनाने हेतु पूरे वर्ष का नियुक्ति कैलेंडर प्रकाशित करने के साथ-साथ विज्ञापन जारी होने से लेकर अंतिम परीक्षाफल तक की पूरी प्रक्रिया को अधिकतम एक वर्ष के भीतर पूर्ण करने, परीक्षा केंद्रों की संख्या बढाने तथा सभी परीक्षाओं को निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से संचालित कराने के लिए स्पष्ट दिशा-निर्देश दिए गए हैं।
श्री उमेश सिंह कुशवाहा ने कहा कि बिहार के युवाओं को दक्ष, आत्मनिर्भर और सक्षम बनाने के साथ-साथ उन्हें अधिक से अधिक रोजगार उपलब्ध कराकर उनका भविष्य स्वर्णिम और सुरक्षित बनाने के लिए नीतीश सरकार पूर्णतः प्रतिबद्ध है।
(अशोक कुमार)
कार्यालय सचिव


