पटनाप्रशासनबिहारब्रेकिंग न्यूज़राजनीतिराज्यविचार

नीतीश कुमार के विजन का आइकाॅनिक माॅडल है पटना का विश्वस्तरीय डाॅ0 एपीजे अब्दुल कलाम साइंस सिटी – उमेश सिंह कुशवाहा

 

नीतीश कुमार के विजन का आइकाॅनिक माॅडल है पटना का विश्वस्तरीय डाॅ0 एपीजे अब्दुल कलाम साइंस सिटी – उमेश सिंह कुशवाहा

28 दिसंबर 2025

बिहार जनता दल (यू) के माननीय प्रदेश अध्यक्ष श्री उमेश सिंह कुशवाहा ने रविवार को जारी बयान में कहा कि राजधानी पटना में 889 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित विश्वस्तरीय डाॅ0 एपीजे अब्दुल कलाम साइंस सिटी मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार के दूरदर्शी विजन का साकार और आइकाॅनिक माॅडल है।

उन्होंने कहा कि इस साइंस सिटी को अंतरराष्ट्रीय स्तर का स्वरूप देने के लिए मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार स्वयं अधिकारियों के साथ लंदन जाकर वहाँ की साइंस सिटी का अध्ययन एवं निरीक्षण कर चुके हैं तथा इसके बाद निर्माण कार्य की लगातार समीक्षा, अनुश्रवण और निगरानी करते रहे। यही कारण है कि यह परियोजना आज अपने उच्च मानकों के साथ साकार हो सकी है।

प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि यह साइंस सिटी विज्ञान और नवाचार का एक अनूठा केंद्र बनकर उभरी है, जो विद्यार्थियों के साथ-साथ सभी आयु वर्ग के लोगों को आकर्षित करेगी। इसका मुख्य उद्देश्य बच्चों और युवाओं को वैज्ञानिक सोच, नवाचार और शोध की दिशा में प्रेरित करना है।

उन्होंने बताया कि 21 एकड़ में फैली इस अत्याधुनिक साइंस सिटी में विज्ञान आधारित पाँच गैलरी, 269 रोचक विज्ञान प्रदर्श, भव्य आॅडिटोरियम, फोर-डी थिएटर तथा छात्रों एवं शिक्षकों के लिए डोरमेट्री की सुविधा उपलब्ध है, जो इसे एक समग्र, आधुनिक और आकर्षक शैक्षणिक परिसर बनाती है।

श्री कुशवाहा ने आगे कहा कि यह केंद्र केवल शैक्षणिक भ्रमण तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि प्रयोगों, प्रदर्शनों और विविध गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों को विज्ञान को समझने का एक नया, व्यावहारिक और रोचक दृष्टिकोण प्रदान करेगा।

उन्होंने इसे पूरे बिहार के लिए गर्व का विषय बताते हुए कहा कि यह पूर्वी भारत की पहली साइंस सिटी है, जो राज्य को विज्ञान, शिक्षा और नवाचार के क्षेत्र में एक नई पहचान दिलाएगी।

(संजय कुमार सिन्हा)

कार्यालय सचिव

2/5 - (1 vote)

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button