पटनाब्रेकिंग न्यूज़

हार तय मान चुकी आरजेडी माहौल बिगाड़ने पर उतारू, जनता नहीं आएगी भ्रम मेंः डा0 निहोरा प्रसाद यादव

 

हार तय मान चुकी आरजेडी माहौल बिगाड़ने पर उतारू, जनता नहीं आएगी भ्रम मेंः डा0 निहोरा प्रसाद यादव

पटना 13 नवम्बर 2025

जद (यू) प्रदेश प्रवक्ता डा0 निहोरा प्रसाद यादव ने मीडिया में जारी बयान में विपक्षी महागठबंधन पर निशाना साधते हुए कहा कि बिहार विधानसभा चुनाव 2025 को लेकर आरजेडी नेता के गैर-जिम्मेदाराना बयान इस बात का संकेत हैं कि उन्हें अपनी आसन्न हार का स्पष्ट अंदेशा हो चुका है। जिस तरह से वे पहले से ही मतगणना पर संदेह जताने, ईवीएम की विश्वसनीयता पर प्रश्न उठाने और चुनाव आयोग की निष्पक्षता को लेकर अफवाहें फैलाने का काम कर रहे हैं, यह लोकतांत्रिक प्रक्रिया को कमजोर करने का दुर्भाग्यपूर्ण प्रयास है।

आरजेडी जानती है कि बिहार की जनता अब उनके झूठे वादों और नकारात्मक राजनीति से ऊब चुकी है। महागठबंधन के नेताओं को यह समझ में आ गया है कि इस बार बिहार की जनता विकास, सुशासन और स्थिरता के पक्ष में मतदान कर चुकी है। इसलिए वे अपनी संभावित हार की खीझ निकालने के लिए पहले से ही माहौल बिगाड़ने की कोशिश कर रहे हैं। यह अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है कि जो दल खुद को जनता का प्रतिनिधि बताता है, वही अब जनता के निर्णय पर सवाल खड़े करने की तैयारी में जुटा है।

आरजेडी विधान पार्षद एवं राबड़ी देवी के मुंहबोले भाई सुनील कुमार सिंह का बयान न केवल बेहद आपत्तिजनक है बल्कि बिहार की लोकतांत्रिक परंपराओं और सामाजिक सद्भाव पर सीधा प्रहार है। जिस तरह उन्होंने चेतावनी दी कि अगर गड़बड़ी हुई तो बिहार में ऐसा दृश्य देखने को मिलेगा जो कभी नहीं देखा गया होगा, यह बयान साफ तौर पर भय और अराजकता का माहौल बनाने की कोशिश है। लोकतंत्र में इस तरह की भाषा किसी भी जिम्मेदार राजनीतिक दल या नेता को शोभा नहीं देती।

आरजेडी नेता का यह कहना कि अगर मतगणना में कुछ गड़बड़ी हुई तो बिहार नेपाल या बांग्लादेश जैसा बन जाएगा, लोकतंत्र के प्रति घोर असम्मान दर्शाता है। यह बयान इस बात का प्रमाण है कि आरजेडी पहले से ही अपनी संभावित हार को महसूस कर चुकी है और इसलिए वह जनता के फैसले को अस्वीकार करने की जमीन तैयार कर रही है। उन्होंने कहा कि सुनील कुमार की ऐसी बयानबाजी के खिलाफ देशद्रोह का मुकदमा दर्ज होना चाहिए।

बिहार ने पिछले दो दशकों में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में जिस स्थिरता, शांति और विकास की दिशा में कदम बढ़ाए हैं, उसे इस प्रकार के बयानों से कमजोर करने की किसी को अनुमति नहीं दी जा सकती। बिहार के लोग अब उन दिनों से बहुत आगे बढ़ चुके हैं जब डर और धमकी की राजनीति चलती थी। जनता अब जागरूक है, समझदार है और विकास के मुद्दों पर निर्णय लेती है।

आरजेडी नेताओं को नसीहत देते हुए उन्होंने कहा कि वो लोकतंत्र के नियमों का सम्मान करें, जनता के जनादेश को स्वीकारने की तैयारी करें और हार की जिम्मेदारी से भागने की बजाय आत्ममंथन करें। बिहार की जनता विकास और शांति चाहती है, न कि अशांति और भ्रम फैलाने वाली राजनीति।

(संजय कुमार सिन्हा)

कार्यालय सचिव

Rate this post

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button