
*स्व. श्रवण राम के परिजनों को सहायता राशि का चेक सौंपा, सरकार हर पीड़ित परिवार के साथ : संजय सरावगी
*अपराधियों को किसी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा : संजय
*एनडीए सरकार अपराध के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर कार्यरत : संजय
*दरभंगा की दुखद घटना पर संजय सरावगी ने दिया भरोसा – दोषियों पर होगी कठोर कार्रवाई
पटना, 19 मई। दरभंगा के हसन चौक स्थित दुर्गा मंदिर के समीप हुई दुखद घटना में अपराधियों का विरोध करने वाले स्थानीय निवासी स्व. श्रवण राम की गोली लगने से हुई असामयिक मृत्यु पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सह दरभंगा नगर के विधायक संजय सरावगी ने गहरा शोक व्यक्त किया है।
इसी क्रम में आज संजय सरावगी ने मृतक श्रवण राम के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया तथा बिहार सरकार की ओर से प्रदान की गई सहायता राशि का चेक सौंपा। सरकार की ओर से श्रम विभाग के माध्यम से 2 लाख रुपये की अनुग्रह राशि एवं पारिवारिक लाभ योजना के अंतर्गत 20 हजार रुपये की तात्कालिक सहायता राशि मृतक के परिजनों को उपलब्ध कराई गई।
उन्होंने इस घटना को अत्यंत पीड़ादायक एवं हृदयविदारक बताते हुए कहा कि समाज में भय और अराजकता फैलाने वाले अपराधियों के विरुद्ध सरकार कठोर कार्रवाई करने के लिए प्रतिबद्ध है
इस मौके पर दरभंगा नगर के विधायक संजय सरावगी ने कहा कि दुख की इस घड़ी में सरकार पूरी संवेदनशीलता के साथ पीड़ित परिवार के साथ खड़ी है। उन्होंने कहा कि किसी परिवार के लिए अपने सदस्य को खोना अपूरणीय क्षति होती है, जिसकी भरपाई संभव नहीं है, लेकिन सरकार हर संभव सहायता उपलब्ध कराने का कार्य कर रही है ताकि पीड़ित परिवार को संबल मिल सके।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में एनडीए सरकार अपराध और अपराधियों के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस की नीति पर दृढ़तापूर्वक कार्य कर रही है। कानून व्यवस्था को चुनौती देने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता है कि आम नागरिक सुरक्षित वातावरण में जीवन यापन करें और अपराधियों में कानून का भय बना रहे।
उन्होंने स्थानीय लोगों को भरोसा देते हुए कहा कि इस मामले में दोषियों को हर हाल में कानून के दायरे में लाया जाएगा।



