

जनसुनवाई में मंत्री श्रवण कुमार एवं लेसी सिंह ने सुनीं आमजनों की समस्याएं
बिहार में कानून का राज, आमजनों की सुरक्षा सरकार की प्राथमिकता – श्रवण कुमार
निशांत जद(यू) का भविष्य, उनकी सक्रियता से कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का हुआ संचार – लेसी सिंह
22 जून 2026, पटना।
सोमवार को जद(यू) प्रदेश कार्यालय, पटना में आयोजित जनसुनवाई कार्यक्रम में बिहार सरकार के माननीय ग्रामीण विकास मंत्री श्री श्रवण कुमार एवं माननीय भवन निर्माण मंत्री श्रीमती लेसी सिंह ने प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना। उन्होंने संबंधित मामलों के विधिसम्मत एवं त्वरित समाधान के लिए अधिकारियों को आवश्यक निर्देश भी दिए। इस अवसर पर विधान परिषद में सत्तारूढ़ दल के मुख्य सचेतक श्री संजय कुमार सिंह उर्फ गांधी जी उपस्थित रहे।
मीडिया से बातचीत के दौरान श्री श्रवण कुमार ने कहा कि भोजपुर की घटना को लेकर सरकार पूरी तरह संवेदनशील एवं गंभीर है। इस संबंध में माननीय मुख्यमंत्री श्री सम्राट चैधरी द्वारा न्यायिक जांच के आदेश दिए गए हैं। जांच के उपरांत जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि नेता प्रतिपक्ष अक्सर बिना पूरी जानकारी के हल्की बयानबाजी करते हैं। साथ ही उन्होंने कहा कि वर्ष 2005 के बाद श्री नीतीश कुमार ने बिहार में कानून के राज की स्थापना की है और उसी सुशासन माॅडल को वर्तमान मुख्यमंत्री श्री सम्राट चैधरी आगे बढ़ा रहे हैं। जान-माल की सुरक्षा एनडीए सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
वहीं, माननीय भवन निर्माण मंत्री श्रीमती लेसी सिंह ने कहा कि विधान परिषद में नेता प्रतिपक्ष श्रीमती राबड़ी देवी द्वारा पत्र के माध्यम से नए आवंटित आवास पर जिन सुविधाओं की मांग की गई थी, उनके संबंध में विभाग युद्ध स्तर पर कार्य कर रहा है तथा सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं। श्रीमती लेसी सिंह ने आगे कहा कि श्री निशांत कुमार पार्टी का भविष्य हैं। उनकी सक्रियता से कार्यकर्ताओं के बीच नए उत्साह और ऊर्जा का संचार हुआ है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग में भी श्री निशांत कुमार आमजनों की बेहतरी के लिए निरंतर कार्य कर रहे हैं।
(संजय कुमार सिन्हा)
कार्यालय सचिव



