
तकनीकी शिक्षा को उद्योग, अनुसंधान और रोजगार से जोड़ने की दिशा में बिहार का बड़ा कदम – जद (यू)
26 जून 2026, पटना।
जद (यू) प्रदेश प्रवक्ता श्री परिमल कुमार, प्रदेश प्रवक्ता श्री हिमराज राम एवं मीडिया पैनलिस्ट डाॅ0 मधुरेंदु पांडे ने बिहार सरकार द्वारा राज्य के 38 सरकारी इंजीनियरिंग काॅलेजों एवं 46 पाॅलिटेक्निक संस्थानों को उन्नत बनाने की दिशा में उठाए जा रहे कदमों का स्वागत करते हुए कहा कि यह पहल बिहार को तकनीकी शिक्षा, कौशल विकास और रोजगार के क्षेत्र में नई पहचान दिलाने वाली साबित होगी।
वर्तमान में राज्य के इन 84 तकनीकी संस्थानों में कुल 31,796 सीटें स्वीकृत हैं, जिनमें 14,553 इंजीनियरिंग तथा 17,243 पाॅलिटेक्निक सीटें शामिल हैं। इन संस्थानों की उपलब्धियों, शैक्षणिक गुणवत्ता और प्लेसमेंट रिकाॅर्ड का व्यापक प्रचार-प्रसार किए जाने का निर्णय बिहार की तकनीकी शिक्षा व्यवस्था को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाएगा। इससे न केवल बिहार के विद्यार्थियों को राज्य में ही गुणवत्तापूर्ण तकनीकी शिक्षा प्राप्त करने के बेहतर अवसर मिलेंगे, बल्कि देश के अन्य राज्यों के छात्र भी बिहार के संस्थानों की ओर आकर्षित होंगे।
उन्होंने कहा कि बिहार में तकनीकी शिक्षा के क्षेत्र में जो मजबूत आधार आज दिखाई दे रहा है, वह माननीय श्री नीतीश कुमार की दूरदर्शी सोच, शिक्षा के विस्तार के प्रति उनकी प्रतिबद्धता और सामाजिक न्याय के प्रति समर्पण का परिणाम है। उनके शासनकाल में राज्य के विभिन्न जिलों में इंजीनियरिंग एवं पाॅलिटेक्निक संस्थानों की स्थापना और विस्तार किया गया, जिससे तकनीकी शिक्षा का लाभ समाज के अंतिम पायदान पर खड़े विद्यार्थियों तक पहुंच सका।
गरीब, पिछड़े, अति पिछड़े, दलित तथा आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों के विद्यार्थियों के लिए सरकारी पाॅलिटेक्निक संस्थानों में मात्र 5 रुपये और सरकारी इंजीनियरिंग काॅलेजों में मात्र 10 रुपये के नाममात्र शुल्क पर अध्ययन की व्यवस्था सुनिश्चित करना ऐतिहासिक कदम रहा है। इस नीति ने हजारों युवाओं के लिए तकनीकी शिक्षा के द्वार खोले हैं और उन्हें आत्मनिर्भर बनने का अवसर प्रदान किया है।
उन्होंने मुख्यमंत्री श्री सम्राट चैधरी द्वारा सरकारी पाॅलिटेक्निक संस्थानों को चरणबद्ध तरीके से सेंटर आॅफ एक्सीलेंस के रूप में विकसित करने तथा तकनीकी शिक्षा को उद्योगों से जोड़ने की पहल की सराहना करते हुए कहा कि इससे विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीकी प्रशिक्षण, बेहतर कौशल विकास और रोजगार के व्यापक अवसर प्राप्त होंगे। उद्योग और शिक्षा संस्थानों के बीच मजबूत समन्वय स्थापित होने से राज्य में निवेश और रोजगार सृजन को भी नई गति मिलेगी।
माननीय श्री नीतीश कुमार द्वारा तैयार की गई मजबूत शैक्षणिक आधारशिला पर वर्तमान एनडीए सरकार तकनीकी शिक्षा को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का काम कर रही है। यह पहल बिहार के युवाओं को सशक्त बनाने के साथ-साथ राज्य को तकनीकी शिक्षा, कौशल विकास, अनुसंधान, नवाचार और रोजगार सृजन के क्षेत्र में देश के अग्रणी राज्यों की श्रेणी में स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
(संजय कुमार सिन्हा)
कार्यालय सचिव



