
जनसुनवाई में मंत्री लेशी सिंह एवं सुनील कुमार ने सुनीं आमजनों की समस्याएं
एनडीए सरकार में गलत करने वालों को बख्शा नहीं जाता, विपक्ष अपने गिरेबान में झाँके – लेशी सिंह
अपराध और अपराधियों के प्रति एनडीए सरकार की जीरो टाॅलरेंस की नीति – सुनील कुमार
पटना, 10 अगस्त 2026
सोमवार को जद (यू0) प्रदेश कार्यालय, पटना में आयोजित जनसुनवाई कार्यक्रम में बिहार सरकार की मा0 मंत्री श्रीमती लेशी सिंह एवं श्री सुनील कुमार ने प्रदेशभर से आए फरियादियों की समस्याएं सुनीं तथा प्राप्त आवेदनों के विधि-सम्मत त्वरित निष्पादन हेतु संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए। इस मौके पर पार्टी के प्रदेश महासचिव सह मुख्यालय प्रभारी श्री सुमित कुमार सिंह मौजूद रहे।
इस दौरान मीडिया से बातचीत में श्रीमती लेशी सिंह ने कहा कि मा0 श्री नीतीश कुमार के निर्देशानुसार सोमवार से शुक्रवार तक नियमित रूप से जनसुनवाई कार्यक्रम का आयोजन किया जाता है। इसमें आने वाले सभी फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना जाता है तथा जिस विभाग से संबंधित मामला होता है, उसके तत्काल निष्पादन हेतु आवश्यक पहल की जाती है। उन्होंने कहा कि एनडीए सरकार में गलत करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाता है। विपक्ष को अनर्गल आरोप लगाने के बजाय पहले अपने गिरेबान में झाँकना चाहिए और अपने अतीत को याद करना चाहिए।
श्री सुनील कुमार ने कहा कि वर्ष 2005 में जब मा0 श्री नीतीश कुमार ने बिहार की बागडोर संभाली, तब राज्य में कानून का राज स्थापित करना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकताओं में रहा। उनके नेतृत्व में बिहार को भय और अराजकता के माहौल से बाहर निकालकर सुशासन की दिशा में आगे बढ़ाया गया। आज बिहार में कानून-व्यवस्था को लेकर सरकार पूरी तरह गंभीर और प्रतिबद्ध है। प्रदेश में कहीं भी आपराधिक घटना होती है, तो सरकार और प्रशासन द्वारा अपराधियों के विरुद्ध पूरी सख्ती के साथ त्वरित कार्रवाई की जाती है। एनडीए सरकार की अपराध और अपराधियों के प्रति जीरो टाॅलरेंस की नीति है।
(संजय कुमार सिन्हा)
कार्यालय सचिव



