

1 अक्टूबर 2026, पटना
नीतीश कुमार से मिला चौरसिया समाज का प्रतिनिधिमंडल
मध्यप्रदेश की तर्ज पर बिहार में भी “पान विकास आयोग” की मांग मध्यप्रदेश की तर्ज पर बिहार में भी “पान विकास आयोग” की मांग
जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार जी से उनके 7, सर्कुलर रोड स्थित आवासीय कार्यालय में चौरसिया समाज के प्रतिनिधिमंडल ने मुलाकात की। श्री सुभाष चन्द्र प्रसाद एवं श्री नवीन कुमार उर्फ नगीना चौरसिया के नेतृत्व में इस प्रतिनिधिमंडल ने श्री नीतीश कुमार को एक ज्ञापन सौंपा और मध्यप्रदेश की तर्ज पर बिहार में भी पान विकास आयोग का गठन किए जाने की मांग उनके समक्ष रखी। इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष श्री उमेश सिंह कुशवाहा, विधायक दल के नेता श्री श्रवण कुमार, विधान परिषद् में सत्तारूढ़ दल के उपनेता श्री ललन सर्राफ एवं मुख्य सचेतक श्री संजय गांधी मौजूद रहे।
चौरसिया समाज के प्रतिनिधिमंडल ने श्री नीतीश कुमार से कहा कि पान न केवल बहुपयोगी और औषधीय पौधा है, बल्कि यह बिहार की संस्कृति का अभिन्न हिस्सा भी है। उचित संरक्षण एवं संवर्धन के अभाव में आज यह पौधा लुप्त होने की कगार पर है। ऐसे में चौरसिया समाज की लम्बे समय से मांग रही है कि “पान विकास आयोग” का गठन हो ताकि पान की फसल के उत्पादनकर्ताओं एवं उपभोगकर्ताओं के समक्ष उत्पन्न विकट समस्या का समाधान हो सके।
श्री नीतीश कुमार जी ने प्रतिनिधिमंडल की बातों को सहानुभूतिपूर्वक सुना और कहा कि वे उनकी मांगों से सरकार को अवगत कराएंगे और प्रयास करेंगे कि शीघ्र ही इस संबंध में यथोचित कार्रवाई हो। श्री नीतीश कुमार ने कहा कि एनडीए सरकार की पहचान न्याय के साथ विकास के लिए रही है और सरकार हर क्षेत्र, हर वर्ग और हर तबके के उत्थान के लिए संकल्पित होकर काम कर रही है। मुझे पूरा विश्वास है कि चौरसिया समाज की समस्याओं का समाधान शीघ्र होगा।
प्रतिनिधिमंडल में श्री सुभाष चन्द्र प्रसाद एवं श्री नवीन कुमार उर्फ नगीना चौरसिया के साथ ही श्री यदुनंदन प्रसाद, श्री रवि नारायण, श्री मनोज चौरसिया एवं श्री शुभम नारायण शामिल रहे।
(संजय कुमार सिन्हा)
कार्यालय सचिव



