जेपी का संपूर्ण क्रांति का विचार आज भी प्रासंगिक — दीपक प्रकाश”


स्थान- 24M स्ट्रैंड रोड पटना
“जेपी का संपूर्ण क्रांति का विचार आज भी प्रासंगिक — दीपक प्रकाश”
पटना, 11 अक्टूबर 2026। राष्ट्रीय लोक मोर्चा, बिहार प्रदेश के कैम्प कार्यालय, पटना में आज लोकनायक जयप्रकाश नारायण की जयंती श्रद्धापूर्वक मनाई गई। इस अवसर पर बिहार सरकार के पंचायती राज मंत्री दीपक प्रकाश ने लोकनायक के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी। उन्होंने उनके संघर्षपूर्ण जीवन, लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति अटूट प्रतिबद्धता और राष्ट्र निर्माण में उनके ऐतिहासिक योगदान को स्मरण किया। इस अवसर पर पंचायती राज मंत्री दीपक प्रकाश ने कहा कि लोकनायक जयप्रकाश नारायण भारतीय राजनीति के ऐसे महान जननायक थे, जिन्होंने अपना संपूर्ण जीवन लोकतंत्र की रक्षा, सामाजिक परिवर्तन और जनकल्याण के लिए समर्पित कर दिया। उनका जीवन त्याग, संघर्ष, नैतिकता और जनसेवा का अनुपम उदाहरण है। जयप्रकाश नारायण द्वारा दिया गया ‘संपूर्ण क्रांति’ का नारा भारतीय लोकतांत्रिक इतिहास का एक महत्वपूर्ण अध्याय है। यह केवल राजनीतिक परिवर्तन का आह्वान नहीं था, बल्कि सामाजिक, आर्थिक, शैक्षणिक और नैतिक परिवर्तन की व्यापक परिकल्पना थी। उनका मानना था कि एक सशक्त राष्ट्र के निर्माण के लिए व्यवस्था के साथ-साथ समाज की सोच में भी सकारात्मक बदलाव आवश्यक है। उन्होंने कहा कि जयप्रकाश नारायण ने युवाओं को राष्ट्र निर्माण की शक्ति माना और उन्हें अन्याय, भ्रष्टाचार तथा सामाजिक असमानताओं के विरुद्ध जागरूक होकर खड़े होने की प्रेरणा दी। उनका संघर्ष हमें सिखाता है कि लोकतंत्र की वास्तविक मजबूती जनता की जागरूकता, संवैधानिक मूल्यों के सम्मान और जनभागीदारी में निहित है। लोकतंत्र तभी सार्थक होता है, जब समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुँचे, गरीबों और वंचितों को न्याय मिले तथा प्रत्येक नागरिक को सम्मान के साथ आगे बढ़ने का अवसर प्राप्त हो। लोकनायक के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि तभी होगी, जब उनके सपनों के अनुरूप एक न्यायपूर्ण, समतामूलक और सशक्त भारत के निर्माण में हम अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करेंगे।इस अवसर पर राष्ट्रीय लोक मोर्चा के नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने लोकनायक जयप्रकाश नारायण के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया तथा उनके आदर्शों को आत्मसात करने का संकल्प लिया।कार्यक्रम में पार्टी के प्रधान महासचिव हिमांशु पटेल ,पटना महानगर जिला अध्यक्ष खुर्शीद अहमद, दलित प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष अशोक राम , युवा प्रकोष्ठ के प्रधान महासचिव प्रतीक कुशवाहा, राजीव दांगी, संतोष कुशवाहा , अनिल यादव सहित पार्टी के सैकड़ो कार्यकर्ता मौजूद थें ।
उक्त आशय की जानकारी राष्ट्रीय लोक मोर्चा, बिहार प्रदेश की प्रदेश अध्यक्ष, महिला प्रकोष्ठ सह प्रदेश प्रवक्ता स्मृति कुमुद ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर दी।
स्मृति कुमुद
प्रदेश अध्यक्ष महिला प्रकोष्ठ सह प्रवक्ता , राष्ट्रीय लोक मोर्चा



