उद्योग से आत्मनिर्भरता की ओर, नीतीश सरकार में बिहार बन रहा निवेशकों की पहली पसंद – जद (यू0)

उद्योग से आत्मनिर्भरता की ओर, नीतीश सरकार में बिहार बन रहा निवेशकों की पहली पसंद – जद (यू0)
23 दिसम्बर 2025
जद (यू0) प्रदेश प्रवक्ता श्री हिमराज राम एवं प्रदेश प्रवक्ता श्री परिमल कुमार ने मीडिया में जारी बयान में कहा कि राज्य में 17 नए औद्योगिक पार्कों की स्थापना के लिए लगभग 7700 एकड़ भूमि अधिग्रहण को मंजूरी मिलना नीतीश सरकार की दूरदर्शी औद्योगिक नीति और मजबूत इच्छाशक्ति का प्रत्यक्ष प्रमाण है। इन औद्योगिक पार्कों पर लगभग 3500 करोड़ रुपये का प्रस्तावित खर्च यह दर्शाता है कि राज्य सरकार आधारभूत संरचना के विकास को लेकर गंभीर और प्रतिबद्ध है।
इन परियोजनाओं के माध्यम से करीब 1.80 लाख करोड़ रुपये का निवेश राज्य में आएगा, जिससे औद्योगिक विकास को अभूतपूर्व गति मिलेगी और राज्य की अर्थव्यवस्था और अधिक सुदृढ़ होगी।
मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में राज्य सरकार ने बीते वर्षों में सड़क, बिजली, पानी, शिक्षा और कानून-व्यवस्था जैसे बुनियादी क्षेत्रों में ऐतिहासिक सुधार किए हैं, जिसके कारण आज राज्य में निवेश के लिए अनुकूल माहौल बना है। बेहतर कनेक्टिविटी, निर्बाध बिजली आपूर्ति और पारदर्शी प्रशासन के चलते देश-विदेश के निवेशकों का भरोसा राज्य पर लगातार बढ़ा है। यही कारण है कि इतने बड़े पैमाने पर औद्योगिक निवेश की संभावनाएं साकार हो रही हैं।
इन औद्योगिक पार्कों की स्थापना से राज्य के लाखों युवाओं को प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार के अवसर मिलेंगे, जिससे पलायन की समस्या पर भी प्रभावी अंकुश लगेगा। साथ ही स्थानीय स्तर पर लघु एवं मध्यम उद्योगों, स्टार्टअप्स और उद्यमियों को आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा।
मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार सरकार की विकासोन्मुखी नीतियां राज्य को औद्योगिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में मील का पत्थर साबित होंगी और यह निर्णय राज्य के समग्र विकास, सामाजिक संतुलन और आर्थिक सशक्तिकरण को नई ऊंचाइयों तक ले जाएगा।
(संजय कुमार सिन्हा)
कार्यालय सचिव



