
मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना ग्रामीण अर्थव्यवस्था को देगी नई रफ्तार – उमेश सिंह कुशवाहा
16 फरवरी 2026, पटना।
मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के तहत मा0 मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार ने सोमवार को 25 लाख महिला लाभुकों के खातों में डीबीटी के माध्यम से 10-10 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि हस्तांतरित की। इस संबंध में जद (यू) के मा0 प्रदेश अध्यक्ष श्री उमेश सिंह कुशवाहा ने बयान जारी कर कहा कि यह महत्वाकांक्षी योजना आधी आबादी को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगी।
इससे महिलाओं को स्वरोजगार के नए अवसर प्राप्त होंगे, परिवारों की आय में वृद्धि होगी तथा ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई गति और मजबूती मिलेगी। उन्होंने कहा कि अब तक राज्य के कुल 1 करोड़ 81 लाख महिला लाभुकों के खातों में डीबीटी के माध्यम से प्रोत्साहन राशि हस्तांतरित की जा चुकी है।
उन्होंने कहा कि महिलाओं को स्वावलंबी बनाने की दिशा में मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना श्री नीतीश कुमार की दूरदर्शी सोच का परिणाम है। इस योजना के अंतर्गत राज्य सरकार द्वारा महिलाओं को स्वरोजगार हेतु कुल 2 लाख 10 हजार रुपये तक की सहायता राशि उपलब्ध कराने का निर्णय लिया गया है। साथ ही चयनित लाभुकों को 2 लाख रुपये तक की अतिरिक्त वित्तीय सहायता प्रदान करने की दिशा में भी सरकार द्वारा आवश्यक कार्रवाई प्रारंभ कर दी गई है।
प्रदेश अध्यक्ष ने आगे बताया कि श्री नीतीश कुमार ने संबंधित विभागों को निर्देशित किया है कि योजना के अंतर्गत लाभुकों द्वारा उत्पादित वस्तुओं की समुचित मार्केटिंग व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि उनकी आय में निरंतर वृद्धि हो और उन्हें स्थायी रोजगार का आधार प्राप्त हो सके। उन्होंने यह भी कहा कि बीते दो दशकों के शासनकाल में श्री नीतीश कुमार ने महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में जो अनुकरणीय कार्य किए हैं, वह अन्य राज्यों के लिए भी मिसाल है।
(संजय कुमार सिन्हा)
कार्यालय सचिव



