तीर निशान, तय निशांत – चंपारण से विकसित बिहार के नए संकल्प की शुरुआत – जद (यू)

प्रकाशनार्थ/प्रसारणार्थ
तीर निशान, तय निशांत – चंपारण से विकसित बिहार के नए संकल्प की शुरुआत – जद (यू)
02 मई 2026, पटना।
श्री निशांत कुमार की पश्चिम चंपारण जिले से शुरु होने वाली सद्भाव यात्रा के पूर्व बेतिया परिसदन में प्रेस वार्ता का आयोजन किया गया। इस प्रेस वार्ता को जद (यू) विधान पार्षद सह मुख्य प्रदेश प्रवक्ता श्री नीरज कुमार, वाल्मीकिनगर से पार्टी सांसद श्री सुनील कुमार, बरौली से पार्टी विधायक श्री मंजीत कुमार सिंह, सिकटा से पार्टी विधायक श्री समृद्ध वर्मा, पार्टी के पूर्व विधान पार्षद श्री भूमिपाल राय, पूर्व विधायक श्री रिंकू सिंह एवं प्रदेश प्रवक्ता श्री अरविंद निषाद एवं छात्र जद (यू) प्रवक्ता श्री अमित माधव ने संयुक्त रुप से संबोधित किया।
इस दौरान उन्होंने कहा है कि हमारा विश्वास है कि बिहार का भविष्य विकास, सद्भाव और सामाजिक न्याय के रास्ते पर आगे बढ़ेगा। श्री निशांत कुमार जी की यह यात्रा नए युग का आगाज है। पार्टी का संकल्प स्पष्ट है-तीर निशान, तय निशांत। विकसित बिहार हमारा लक्ष्य और सद्भाव हमारी सबसे बड़ी शक्ति है।
श्री निशांत कुमार जी की सद्भाव यात्रा का शुभारंभ ऐतिहासिक चंपारण की धरती से होना अत्यंत गौरव और उत्साह का विषय है। चंपारण केवल एक भौगोलिक क्षेत्र नहीं, बल्कि सत्य, संघर्ष, सामाजिक चेतना और परिवर्तन की पवित्र भूमि है। महात्मा गांधी जी ने यहीं से देश को नई दिशा दी थी और आज उसी धरती से सद्भाव, विकास और सामाजिक समरसता के नए अध्याय की शुरुआत हो रही है।
श्री निशांत कुमार जी ने सदैव सिद्धांत आधारित राजनीति की बात की है। उनका स्पष्ट मत रहा है कि क्राइम, करप्शन और कम्युनलिज्म यानी ट्रिपल सी से किसी प्रकार का समझौता नहीं हो सकता। यही विचार आज सुशासन और विकास की राजनीति का मूल मंत्र बन चुका है। यह बिहार की जनता के लिए गर्व का विषय है कि युवा नेतृत्व ने साफ-सुथरी, संवेदनशील और जवाबदेह राजनीति की दिशा दिखाई है।
श्री निशांत कुमार का व्यक्तित्व सादगी, आत्मसंयम, संवाद और सामाजिक संवेदना का प्रतीक है। उन्होंने कभी राजनीतिक विरासत का दंभ नहीं किया, बल्कि समाज के बीच जाकर लोगों की पीड़ा, आकांक्षाओं और उम्मीदों को समझने का मार्ग चुना है। माननीय श्री नीतीश कुमार जी के परिवार से आने के बावजूद उनका जीवन सादा, विचार ऊँचे और दृष्टि जनसेवा केंद्रित है। यही कारण है कि कार्यकर्ताओं और आम जनता में उनके प्रति विशेष विश्वास और सम्मान का भाव है।
उन्होंने कहा कि माननीय श्री नीतीश कुमार जी ने बिहार में सामाजिक न्याय, महिला सशक्तिकरण, अतिपिछड़ों, दलितों, आदिवासियों और वंचित समाज के उत्थान के लिए जो ऐतिहासिक कार्य किए हैं, उनका प्रभाव चंपारण से लेकर पूरे बिहार में स्पष्ट दिखाई देता है। बिजली, सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, कानून व्यवस्था और सामाजिक भागीदारी के क्षेत्र में जो परिवर्तन आया है, वह विकास की नई मिसाल है। इसी विरासत को आगे बढ़ाने का संकल्प सद्भाव यात्रा के माध्यम से लिया जा रहा है।
श्री निशांत कुमार की सद्भाव यात्रा केवल राजनीतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि सामाजिक चेतना और सांस्कृतिक सम्मान का अभियान है। कार्यक्रम के दौरान बाबा साहेब डा0 भीमराव अंबेडकर जी, स्वतंत्रता सेनानियों, जननायकों और ऐतिहासिक महापुरुषों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण किया जाएगा। यह हमारे पुरखों, हमारे इतिहास और हमारी सांस्कृतिक विरासत के प्रति सम्मान का संदेश है। महर्षि वाल्मीकि की धरती चंपारण को नई पहचान दिलाने और ऐतिहासिक स्थलों के विकास के लिए भी एनडीए सरकार लगातार कार्य कर रही है।
उन्होंने कहा कि श्री निशांत कुमार जी लगातार कहते रहे हैं कि जब संगठन मजबूत होगा, कार्यकर्ता सम्मानित होंगे और जनता से संवाद बना रहेगा, तभी सरकार मजबूती से जनता की सेवा कर सकेगी। यही विचारधारा पार्टी को ऊर्जा देती है और यही सद्भाव यात्रा का भी मूल संदेश है।
चंपारण से यात्रा शुरू होने की खबर से पार्टी कार्यकर्ताओं में अभूतपूर्व उत्साह है। जिला, प्रखंड, पंचायत और बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार हुआ है। जनता दल (यू) का हर साथी इस ऐतिहासिक क्षण का इंतजार कर रहा है जब श्री निशांत कुमार जी चंपारण की धरती पर पहुँचकर विकास, विश्वास और सद्भाव का संदेश देंगे।
इस मौके पर पार्टी के बेतिया जिलाध्यक्ष श्री कन्हैया कुशवाहा पूर्व विधायक एवं बगहा जिलाध्यक्ष श्री प्रभात रंजन सहित पार्टी के दर्जनों कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
(संजय कुमार सिन्हा)
कार्यालय सचिव



