
प्रकाशनार्थ/प्रसारणार्थ
डिजिटल रिकाॅर्ड से ट्राॅमा सेंटर तक, निशांत कुमार ने स्वास्थ्य विभाग को दिया नया रोडमैप – जद (यू)
12 मई 2026, पटना।
जद (यू) प्रदेश प्रवक्ता श्री हिमराज राम एवं प्रदेश प्रवक्ता श्री परिमल कुमार ने जारी बयान में कहा कि स्वास्थ्य मंत्री श्री निशांत कुमार ने राज्य की स्वास्थ्य व्यवस्था को अधिक पारदर्शी, आधुनिक और जवाबदेह बनाने की दिशा में कई महत्वपूर्ण फैसले लिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि स्वास्थ्य विभाग में भ्रष्टाचार और अनियमितताओं के लिए किसी भी स्तर पर कोई स्थान नहीं होगा तथा विभाग में ‘जीरो टाॅलरेंस’ की नीति को पूरी सख्ती के साथ लागू किया जाएगा।
स्वास्थ्य मंत्री ने निर्देश दिया कि राज्य के सभी मरीजों के मेडिकल रिकाॅर्ड और चिकित्सा इतिहास का पूर्ण डिजिटलीकरण सुनिश्चित किया जाए, ताकि इलाज की प्रक्रिया अधिक व्यवस्थित, पारदर्शी और प्रभावी बन सके। उन्होंने यह भी कहा कि केवल एलोपैथिक चिकित्सा ही नहीं, बल्कि आयुष पद्धति से इलाज कराने वाले मरीजों का भी डिजिटल रिकाॅर्ड तैयार किया जाए, जिससे स्वास्थ्य सेवाओं का एकीकृत डाटा सिस्टम विकसित हो सके।
उन्होंने शुद्ध पेयजल को जनस्वास्थ्य से जुड़ा सबसे महत्वपूर्ण विषय बताते हुए लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग के साथ समन्वय स्थापित कर आर्सेनिक, आयरन और दूषित पानी से होने वाली बीमारियों की रोकथाम के लिए प्रभावी कार्रवाई करने का निर्देश दिया। साथ ही अस्पतालों में मरीजों को मिलने वाली सुविधाओं और उपचार की गुणवत्ता का नियमित आकलन करने के लिए फीडबैक प्रणाली विकसित करने पर जोर दिया, ताकि जनता की अपेक्षाओं के अनुरूप स्वास्थ्य सेवाओं में निरंतर सुधार हो सके।
सड़क दुर्घटनाओं में समय पर उपचार सुनिश्चित करने के उद्देश्य से स्वास्थ्य मंत्री ने दुर्घटना संभावित ब्लैक स्पाॅट क्षेत्रों की पहचान कर वहां ट्राॅमा सेंटर और एंबुलेंस सेवाओं को अधिक सक्रिय एवं प्रभावी बनाने की बात कही। उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों में डाॅक्टरों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने तथा वहां सेवाएं देने वाले चिकित्सकों को विशेष प्रोत्साहन प्रदान करने की आवश्यकता पर बल दिया, ताकि गांवों के लोगों को भी गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधा सुलभ हो सके।
उन्होंने जिला अस्पतालों में न्यूरोलाॅजी, कार्डियोलाॅजी जैसी सुपर स्पेशियलिटी सेवाओं का विस्तार करने तथा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में विशेषज्ञ चिकित्सकों की तैनाती की समीक्षा करने की भी बात कही है।
उन्होंने अस्पतालों, विशेष रूप से आॅपरेशन थियेटरों में साफ-सफाई और स्वच्छता के निर्धारित मानकों का कठोरता से पालन सुनिश्चित करने की बात कही और कहा कि मरीजों की सुरक्षा एवं बेहतर उपचार व्यवस्था सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
(अशोक कुमार)
कार्यालय सचिव


