बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के परिणामों पर समीक्षा बैठकों के आयोजन का निर्देश

*प्रेस विज्ञप्ति*
बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के परिणामों पर समीक्षा बैठकों के आयोजन का निर्देश
पटना, 24 नवंबर2025
बिहार प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राजेश कुमार ने आज सभी जिला कांग्रेस कमिटी के अध्यक्षों एवं कार्यकारी अध्यक्षों को पत्र जारी कर बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के परिणामों पर विस्तृत समीक्षा बैठक आयोजित करने का निर्देश दिया है।
ज्ञात हो कि बिहार विधानसभा चुनाव 2025 शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न हुए तथा राज्य में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) की सरकार का गठन हो चुका है। प्रदेश कांग्रेस ने कहा कि चुनावों के बाद प्राप्त आंकड़ों के विश्लेषण से स्पष्ट होता है कि भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस का प्रदर्शन अपेक्षित स्तर पर नहीं रहा, जो संगठन तथा कार्यकर्त्ताओं के लिए गंभीर चिंता का विषय है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने सभी जिलों को निर्देशित किया है कि—
अपने-अपने जिले में शीघ्र समीक्षा बैठक बुलाकर चुनावी परिणामों के राजनीतिक, संगठनात्मक और क्षेत्रीय कारणों का निष्पक्ष और गहन विश्लेषण किया जाए।
मतदान प्रतिशत, बूथ-स्तर की गतिविधियाँ, संगठन की मजबूती, प्रचार-प्रसार, स्थानीय मुद्दों एवं गठबंधन की स्थितियों पर तथ्यात्मक चर्चा की जाए।
समीक्षा का विस्तृत प्रतिवेदन तैयार कर अविलंब प्रदेश कांग्रेस कार्यालय को भेजा जाए जिससे आगे की रणनीति और संगठन सुदृढ़ीकरण की प्रक्रिया को शीघ्र गति दी जा सके।
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा—
“चुनाव परिणाम केवल जीत-हार का संकेत नहीं देते, बल्कि यह बताते हैं कि हमें किन क्षेत्रों में सुधार की आवश्यकता है। यह समय आत्ममंथन, एकजुट प्रयास और संगठनात्मक मजबूती के लिए निर्णायक है।”
राजेश राठौड़
चेयरमैन मीडिया विभाग


