नीतीश कुमार ने निभाया वादा, ‘आॅपरेशन सिंदूर’ में शहीद के परिवार को मिली सरकारी नौकरी – जद (यू0) 10 दिसम्बर 2025

नीतीश कुमार ने निभाया वादा, ‘आॅपरेशन सिंदूर’ में शहीद के परिवार को मिली सरकारी नौकरी – जद (यू0)
10 दिसम्बर 2025
जद (यू0) प्रदेश प्रवक्ता श्रीमती अंजुम आरा एवं मीडिया पैनलिस्ट श्री किशोर कुणाल ने मीडिया में जारी बयान में कहा कि मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार ने आॅपरेशन सिंदूर में शहीद हुए बीएसएफ सब-इंस्पेक्टर मोहम्मद इम्तियाज के परिवार को सरकारी नौकरी प्रदान करने का फैसला लेकर अपना वादा निभाने का काम किया है।
कैबिनेट द्वारा स्वीकृत निर्णय के अनुसार शहीद के पुत्र मोहम्मद इमदाद रजा को बिहार सरकार में अनुकम्पा नियुक्ति प्रदान की जाएगी। यह कदम उन वीर परिवारों के प्रति राज्य सरकार की अटूट प्रतिबद्धता को दर्शाता है, जिनके सदस्यों ने राष्ट्र की सुरक्षा के लिए सर्वोच्च बलिदान दिया है।
सब-इंस्पेक्टर मोहम्मद इम्तियाज, मई 2025 में ‘आॅपरेशन सिंदूर’ के दौरान सीमा की रक्षा करते हुए उन्होंने अदम्य साहस का परिचय दिया और वीरगति को प्राप्त हुए। देश सेवा के प्रति उनका समर्पण सदैव स्मरणीय रहेगा। मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार ने शहीद परिवार से मुलाकात के दौरान उन्हें हरसंभव सहयोग प्रदान करने का वादा किया था।
राज्य सरकार ने यह भी स्पष्ट किया है कि शहीदों के सम्मान, उनके परिवारों के पुनर्वास और सामाजिक सुरक्षा के लिए ऐसी मानवीय एवं संवेदनशील पहलें भविष्य में भी निरंतर जारी रहेंगी। यह निर्णय बिहार की उस गौरवपूर्ण परंपरा को पुनः स्थापित करता है, जिसमें राष्ट्र रक्षा में प्राण न्यौछावर करने वाले वीर सपूतों के परिवारों को सर्वोच्च सम्मान दिया जाता है
(संजय कुमार सिन्हा)
कार्यालय सचिव



