
- *बिहार में कानून का राज खत्म, शराब माफिया के सामने बेबस दिख रही सम्राट सरकार : डॉ. अजय कुमार पासवान*
*पटना 15 अक्टूबर 2026*
बिहार प्रदेश कांग्रेस कमिटी के मीडिया एवं पब्लिसिटी विभाग के चेयरमैन डॉ. अजय कुमार पासवान ने नालंदा जिले में शराब माफिया द्वारा पुलिस टीम पर की गई फायरिंग में कांस्टेबल अजीत कुमार की गोली लगने से हुई मौत पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए राज्य की बीजेपी -जदयू सरकार पर जोरदार हमला बोला है। उन्होंने कहा कि बिहार में कानून-व्यवस्था की स्थिति पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। शराब माफिया और अपराधियों के हौसले इतने बुलंद हो गए हैं कि अब वे पुलिस टीम पर भी गोलियां चलाने से नहीं डर रहे हैं। यह स्थिति राज्य सरकार के लिए गंभीर चेतावनी है।
डॉ. पासवान ने कहा कि जब पुलिस के जवान ही सुरक्षित नहीं हैं, तो बिहार की आम जनता की सुरक्षा की गारंटी कौन देगा? नालंदा की यह घटना सरकार के उन दावों की पोल खोलती है, जिनमें कानून-व्यवस्था को दुरुस्त और शराबबंदी को सफल बताया जाता है। शराबबंदी लागू होने के बावजूद यदि शराब माफिया खुलेआम सक्रिय हैं और पुलिस पर जानलेवा हमले कर रहे हैं, तो सरकार को अपनी जवाबदेही से बचने का कोई अधिकार नहीं है।
उन्होंने आरोप लगाया कि प्रशासनिक मिलीभगत और प्रभावी कार्रवाई के अभाव में शराब के अवैध कारोबार से जुड़े लोगों के हौसले बढ़ रहे हैं। आखिर शराब माफिया को इतनी ताकत कहां से मिल रही है? उन्हें कौन संरक्षण दे रहा है? क्या सरकार और प्रशासन को इस अवैध कारोबार की वास्तविक स्थिति की जानकारी नहीं है? इन सवालों का जवाब बिहार सरकार को देना ही होगा। यदि कहीं पुलिस या प्रशासन के अधिकारियों की संलिप्तता सामने आती है, तो उनके खिलाफ भी बिना किसी दबाव के कठोर कार्रवाई होनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि कांस्टेबल अजीत कुमार की मृत्यु केवल एक परिवार की अपूरणीय क्षति नहीं, बल्कि पुलिसकर्मियों की सुरक्षा और राज्य की कानून-व्यवस्था से जुड़ा गंभीर मामला है। कर्तव्य का निर्वहन करते हुए जान गंवाने वाले जवान के परिवार को न्याय मिलना चाहिए। राज्य सरकार तत्काल सभी आरोपियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करे और मामले की निष्पक्ष जांच कराए।
*डॉ. अजय कुमार पासवान*
चेयरमैन, मीडिया एवं पब्लिसिटी विभाग
बिहार प्रदेश कांग्रेस कमिटी



