
प्रकाशनार्थ/प्रसारणार्थ
‘सात निश्चय’ के तहत संकल्पों को पूरा कर समृद्ध बिहार बनाएंगे सम्राट चौधरी – जद (यू)
15 अप्रैल 2026, पटना।
जद (यू0) की प्रदेश प्रवक्ता श्रीमती अंजुम आरा एवं मीडिया पैनलिस्ट श्री किशोर कुणाल ने संयुक्त बयान जारी कर सम्राट चौधरी को बिहार के मुख्यमंत्री पद की शपथ ग्रहण करने पर बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।
उन्होंने कहा कि सम्राट चौधरी अपने अनुभव, ऊर्जा और प्रतिबद्धता के साथ राज्य के विकास को नई गति देंगे। उन्होंने जिस प्रकार पूर्व मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में किए गए विकास कार्यों को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया है, वह बिहार के उज्ज्वल भविष्य की दिशा में एक सकारात्मक संकेत है।
श्री नीतीश कुमार द्वारा प्रारंभ किए गए ‘सात निश्चय’ कार्यक्रम ने राज्य के बुनियादी ढांचे, शिक्षा, रोजगार और सामाजिक सशक्तिकरण के क्षेत्रों में महत्वपूर्ण परिवर्तन लाए हैं। उन्होंने आशा जताते हुए कहा कि नए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी इन योजनाओं को न केवल पूर्ण करेंगे, बल्कि उन्हें और अधिक प्रभावी बनाकर राज्य के हर वर्ग तक उनका लाभ पहुंचाएंगे।
उन्होंने कहा कि श्री नीतीश कुमार के पूर्व में शुरु किए गए विकास कामों के दम पर ही बिहार विकास की नई ऊंचाइयों को प्राप्त कर सकता है। सम्राट चौधरी का यह संकल्प कि वे राज्य को प्रगति के पथ पर अग्रसर करेंगे, निश्चित रूप से बिहार की जनता की आकांक्षाओं को पूरा करने में सहायक सिद्ध होगा।
उन्होंने विश्वास व्यक्त करते हुए कहा कि श्री सम्राट चौधरी के मार्गदर्शन में बिहार विकास, सुशासन और समृद्धि के नए आयाम स्थापित करेगा।
(संजय कुमार सिन्हा)
कार्यालय सचिव



