प्रधानमंत्री आवास योजना के आंकड़े प्रशांत किशोर के दावों की खोल रहे हैं पोल, बिहार की गरीब जनता को गुमराह करना बंद करें : संजय सरावगी

प्रधानमंत्री आवास योजना के आंकड़े प्रशांत किशोर के दावों की खोल रहे हैं पोल, बिहार की गरीब जनता को गुमराह करना बंद करें : संजय सरावगी
पटना। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष श्री संजय सरावगी ने प्रधानमंत्री आवास योजना को लेकर प्रशांत किशोर के बयानों पर कड़ा पलटवार करते हुए कहा कि बिना तथ्यों की पड़ताल किए जनता के बीच भ्रम फैलाना और गरीबों के हित में चल रही योजनाओं पर सवाल खड़े करना उनकी राजनीतिक हताशा को दर्शाता है।
श्री सरावगी ने कहा कि बिहार सरकार के ग्रामीण विकास विभाग के आधिकारिक आंकड़े प्रशांत किशोर के दावों की सच्चाई सामने रखने के लिए पर्याप्त हैं। प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत वित्तीय वर्ष 2016-17 से अब तक बिहार में 49,09,743 आवास स्वीकृत किए गए हैं, जिनमें से 43,35,285 आवासों का निर्माण पूरा हो चुका है। यानी लगभग 88.30 प्रतिशत आवास पूर्ण हो चुके हैं।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना के प्रथम चरण में 37,00,525 आवास स्वीकृत किए गए, जिनमें से 99.01 प्रतिशत आवासों का निर्माण पूरा हुआ। वहीं दूसरे चरण में 12,09,218 आवास स्वीकृत हुए हैं, जिनमें से 6,71,468 आवास पूरे हो चुके हैं।
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि वर्ष 2014-15 से अब तक इंदिरा आवास योजना और प्रधानमंत्री आवास योजना को मिलाकर बिहार में कुल 54,27,074 आवास स्वीकृत किए गए हैं तथा 48,12,367 आवासों का निर्माण पूरा हो चुका है। यह आंकड़ा गरीबों को पक्की छत देने के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता का प्रमाण है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी की सरकार ने गरीबों को केवल आवास देने का वादा नहीं किया, बल्कि उन्हें सम्मानजनक जीवन देने का संकल्प पूरा किया है। अनुसूचित जाति के 9,24,688 और अनुसूचित जनजाति के 1,09,964 लाभुकों के आवास भी पूरे हो चुके हैं।
श्री सरावगी ने कहा कि प्रशांत किशोर को राजनीतिक बयानबाजी करने से पहले सरकारी आंकड़ों का अध्ययन करना चाहिए। बिहार की जनता अब केवल भाषणों और दावों से प्रभावित होने वाली नहीं है। उसे काम, विकास और परिणाम दिखाई देते हैं।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए बिहार को 11,18,937 नए आवासों का लक्ष्य मिला है। यह गरीबों के जीवन में बदलाव की दिशा में एक और बड़ा कदम है।
श्री सरावगी ने कहा कि प्रशांत किशोर को भ्रम फैलाने के बजाय तथ्यों का सामना करना चाहिए। गरीबों के घर और उनके सम्मान को राजनीतिक प्रोपेगेंडा का विषय बनाना उचित नहीं है।



