
केंद्रीय बजट 2026 ‘‘विकसित भारत 2047’’ के लक्ष्य को साकार करने की दिशा में एक ठोस कदम – उमेश सिंह कुशवाहा
01 फरवरी 2026, पटना।
केंद्रीय बजट 2026 पर बयान जारी करते हुए बिहार जद (यू) के मा. प्रदेश अध्यक्ष श्री उमेश सिंह कुशवाहा ने कहा कि यह बजट ‘‘विकसित भारत 2047’’ के लक्ष्य को पूरा करने की दिशा में एक ठोस कदम साबित होगा। उन्होंने बताया कि बजट को आकार देते समय देशवासियों के व्यापक जनहित को प्राथमिकता दी गई है। छोटे उद्यमियों, किसानों और युवाओं के सशक्तिकरण के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएँ की गई हैं, जिनसे उनकी आर्थिक स्थिति में सुधार और अवसरों का विस्तार होगा।
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि शिक्षा, स्वास्थ्य और परिवहन समेत आधारभूत संरचनाओं के विकास के लिए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए हैं। आर्थिक वृद्धि, निवेश, औद्योगिक विकास और रोजगार सृजन को प्रमुखता दी गई है। कैंसर, शुगर सहित सात गंभीर रोगों की दवाओं की कीमतों में कमी करने की योजना बनाई गई है, जिससे देश की बड़ी आबादी को इसका सीधा लाभ मिलेगा। प्रत्येक जिले में महिला छात्रावास की व्यवस्था से शिक्षा के क्षेत्र में आधी आबादी को नई उड़ान मिलेगी।
इसके साथ ही तीन आयुर्वेदिक एम्स की स्थापना और सात हाई-स्पीड रेल काॅरिडोर बनाने की घोषणा बजट की प्रमुख उपलब्धियों में शामिल हैं। प्रदेश अध्यक्ष ने विशेष रूप से बताया कि केंद्रीय बजट में पटना में इंटरनल वाॅटरवेज के निर्माण की घोषणा की गई है। इससे न केवल क्षेत्र का आर्थिक विकास होगा, बल्कि रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे। वहीं, वाराणसी-सिलीगुड़ी हाई-स्पीड रेल काॅरिडोर के निर्माण से बक्सर, आरा, पटना, कटिहार और किशनगंज सहित पूरे क्षेत्र को महत्वपूर्ण लाभ मिलेगा।
श्री कुशवाहा ने कहा कि यह बजट बिहार और देश के समग्र विकास में निर्णायक भूमिका निभाएगा। उन्होंने समावेशी और जनहितकारी बजट के लिए मा. प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी एवं वित्त मंत्री श्रीमती निर्मला सीतारमण के प्रति आभार प्रकट किया।
(संजय कुमार सिन्हा)
कार्यालय सचिव



