जद (यू) पर सवाल उठाने से पहले अल्पसंख्यक समुदाय से माफी मांगे कांग्रेस – अंजुम आरा

जद (यू) पर सवाल उठाने से पहले अल्पसंख्यक समुदाय से माफी मांगे कांग्रेस – अंजुम आरा
12 नवम्बर 2026, पटना।
जद (यू) मुख्यालय प्रभारी श्रीमती अंजुम आरा ने जारी बयान में कांग्रेस नेता शकील अहमद खान द्वारा एक अखबार में लिखे लेख को लेकर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता शकील अहमद खान के विचार कांग्रेस के मानसिक दिवालिएपन को दर्शाता है। कांग्रेस विधायक दल के नेता शकील अहमद खान ने जिस स्तरहीन भाषा का इस्तेमाल करते हुए पार्टी के वरिष्ठ नेताओं पर व्यक्तिगत राजनीति करने जैसे आरोप लगाए हैं, वह अत्यंत निंदनीय है।
उन्होंने शकील अहमद खान पर तंज कसते हुए कहा कि जिस पार्टी में एक परिवार की परिक्रमा करना ही योग्यता का सबसे बड़ा पैमाना हो, उसके नेता को जनता दल (यूनाइटेड) जैसे लोकतांत्रिक और संगठनात्मक रूप से मजबूत राजनीतिक दल पर उंगली उठाने का नैतिक अधिकार नहीं है।
उन्हें सबसे पहले बिहार के अल्पसंख्यक समाज को यह जवाब देना चाहिए कि आजादी के बाद दशकों तक शासन करने वाली कांग्रेस और उसके सहयोग से बिहार में 15 वर्षों तक सत्ता चलाने वाले राष्ट्रीय जनता दल ने अल्पसंख्यक समाज को दंगों, भय, गरीबी, अशिक्षा, बेरोजगारी और बदहाली के अतिरिक्त क्या दिया? बिहार के इतिहास के पन्ने कांग्रेस और राजद के शासनकाल में अल्पसंख्यक समाज के साथ हुए अन्याय और उपेक्षा की गवाही देते हैं।
उन्होंने कहा कि आज बड़ी-बड़ी बातें करने वाले कांग्रेस नेता ये बताएं कि उनकी पार्टी ने अल्पसंख्यक समाज के कल्याण के लिए कौन-कौन से काम किए? कांग्रेस शासनकाल के दौरान हुए सांप्रदायिक दंगे ये बताने के लिए काफी हैं कि उन्होंने अल्पसंख्यकों की सुरक्षा के लिए कोई ठोस उपाय नहीं किए और उन्हें बस अपना वोट बैंक समझा।
कांग्रेस के शासनकाल के दौरान साल 1989 में भागलपुर में हुए भीषण दंगों के घाव आज भी हरे हैं। ये तो श्री नीतीश कुमार ही हैं जिन्होंने उस दंगे से पीड़ित परिवारों के आंसू पोछे और उन्हें आर्थिक सहायता मुहैया करायी। श्री नीतीश कुमार ने भागलपुर दंगों के आरोपियों को भी जेल की सलाखों के पीछे पहुंचाने का काम किया एवं उस दंगे की जांच के लिए न्यायिक आयोग का गठन किया। एकीकृत बिहार में 1967 का रांची-हटिया दंगा, 1981 का बिहारशरीफ दंगा, 1989 का भागलपुर दंगा, 1989 का जमशेदपुर दंगा और 1993 का सीतामढ़ी दंगा जैसी घटनाएं बिहार के राजनीतिक इतिहास के ऐसे काले अध्याय हैं, जिन्हें भुलाया नहीं जा सकता।
उन्होंने कहा कि श्री नीतीश कुमार पर अनर्गल आरोप लगाने से पहले शकील अहमद खान को आत्म मंथन करना चाहिए और लोगों को बताना चाहिए कि आखिर किन परिस्थितियों में श्री नीतीश कुमार ने इंडी गठबंधन का साथ छोड़ा। उन्होंने कहा कि पार्टी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष श्री संजय कुमार झा एवं केंद्रीय मंत्री श्री राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह पर टीका टिप्पणी करना उनकी हताशा को दर्शाता है। दोनों नेताओं ने अपने लंबे राजनीतिक अनुभव, संगठनात्मक क्षमता और अथक मेहनत से पार्टी को मजबूती प्रदान करने का काम किया है।
उन्होंने कहा कि श्री नीतीश कुमार ने सत्ता संभालने के बाद बिहार में सामाजिक सौहार्द, आपसी भाईचारे को मजबूत करने के लिए लगातार काम किया। अल्पसंख्यक समाज के उत्थान के लिए श्री नीतीश कुमार की सरकार ने केवल घोषणाएं नहीं कीं, बल्कि जमीनी स्तर पर अनेक योजनाओं को लागू किया। कब्रिस्तानों की घेराबंदी कराई गई, मदरसों के आधुनिकीकरण और मदरसा शिक्षकों को सरकारी वेतनमान देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाए गए। अल्पसंख्यक छात्र-छात्राओं की शिक्षा के लिए आवासीय विद्यालयों की व्यवस्था की गई। हुनर और तालीमी मरकज जैसी योजनाओं के माध्यम से शिक्षा एवं कौशल विकास को बढ़ावा दिया गया।
आज जब बिहार श्री नीतीश कुमार की दूरदर्शी सोच से स्थापित विकासोन्मुखी नीतियों और कल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से आगे बढ़ रहा है, तब अपनी राजनीतिक जमीन खिसकती देखकर कांग्रेस के नेता बौखलाहट में अनर्गल बयानबाजी कर रहे हैं।
शकील अहमद खान को जद (यू) पर उंगली उठाने से पहले कांग्रेस एवं राजद के शासनकाल में अल्पसंख्यक समाज के साथ हुई ऐतिहासिक उपेक्षा, दंगों और अन्याय के लिए बिहार की जनता से माफी मांगनी चाहिए।
(संजय कुमार सिन्हा)
कार्यालय सचिव



