
*भोजपुर मुठभेड़ मामले में न्यायिक जांच का निर्णय पारदर्शिता, निष्पक्षता और सुशासन के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता का प्रमाण : संजय सरावगी*
पटना, 20 जून। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष श्री संजय सरावगी ने भोजपुर जिले के शाहपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत बिलौटी गांव में 17 जून 2026 को हुई पुलिस मुठभेड़ की स्वतंत्र एवं निष्पक्ष जांच के लिए सेवानिवृत्त उच्च न्यायालय के न्यायाधीश द्वारा न्यायिक जांच कराए जाने के मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी के निर्णय का स्वागत किया है।
श्री सरावगी ने कहा कि बिहार की एनडीए सरकार कानून के शासन, पारदर्शिता, जवाबदेही और न्याय के सिद्धांतों के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है। किसी भी संवेदनशील घटना में सत्य की स्थापना और जनता के विश्वास को बनाए रखना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसी भावना के तहत मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी ने मामले की न्यायिक जांच कराने का महत्वपूर्ण निर्णय लिया है।
उन्होंने कहा कि सरकार ने स्पष्ट कर दिया है कि इस घटना से जुड़े प्रत्येक तथ्य और परिस्थितियों की निष्पक्ष एवं पारदर्शी जांच होगी तथा किसी भी स्तर पर सत्य को छिपाने का प्रयास नहीं किया जाएगा। न्यायिक जांच के माध्यम से घटना के सभी पहलुओं का वस्तुनिष्ठ मूल्यांकन होगा और जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि विपक्ष द्वारा तथ्यों के सामने आए बिना भ्रम और राजनीतिक लाभ लेने का प्रयास किया जा रहा है, जबकि एनडीए सरकार ने शुरुआत से ही पारदर्शिता और निष्पक्षता का परिचय दिया है। न्यायिक जांच का निर्णय इस बात का प्रमाण है कि सरकार किसी भी मामले में पूर्वाग्रह से नहीं, बल्कि कानून और संविधान की भावना के अनुरूप कार्य करती है।
श्री सरावगी ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में बिहार में सुशासन, कानून-व्यवस्था और जनविश्वास को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है। सरकार का यह कदम न केवल घटना की सच्चाई सामने लाने में सहायक होगा, बल्कि आम लोगों के मन में न्याय व्यवस्था के प्रति विश्वास को भी और मजबूत करेगा।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि न्यायिक जांच पूरी निष्पक्षता और पारदर्शिता के साथ संपन्न होगी तथा जांच रिपोर्ट के आधार पर उचित निर्णय लिए जाएंगे। भाजपा जनता को आश्वस्त करती है कि कानून से ऊपर कोई नहीं है और न्याय के मार्ग पर सरकार पूरी दृढ़ता के साथ आगे बढ़ रही है।



