
निशांत की कार्यशैली में नीतीश कुमार के जनसेवा के प्रति समर्पण की झलक – उमेश सिंह कुशवाहा
27 जून 2026, पटना।
बिहार जद(यू0) के मा0 प्रदेश अध्यक्ष श्री उमेश सिंह कुशवाहा ने शनिवार को बयान जारी कर कहा कि मा0 स्वास्थ्य मंत्री श्री निशांत, मा0 श्री नीतीश कुमार की जनहितैषी नीतियों को धरातल पर उतारते हुए पूरी प्रतिबद्धता के साथ बिहार की स्वास्थ्य व्यवस्था को अधिक जनोन्मुखी एवं सुविधासंपन्न बनाने की दिशा में निरंतर कार्य कर रहे हैं। उनकी कार्यशैली में मा0 श्री नीतीश कुमार की विकासोन्मुखी सोच और जनसेवा के प्रति समर्पण की स्पष्ट झलक दिखाई देती है।
स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए उनके द्वारा ‘‘मिशन मोड’’ में किए जा रहे कार्यों की पूरे प्रदेश में सराहना हो रही है और उनकी कार्यशैली से बिहार की जनता खासी प्रभावित है। मरीजों को स्थानीय स्तर पर ही समय रहते बेहतर इलाज मिल सके, इसके लिए स्वास्थ्य मंत्री के निर्देश पर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों से लेकर जिला स्तर तक के सभी अस्पतालों में गुणवत्तापूर्ण चिकित्सीय सुविधाएं सुनिश्चित की जा रही हैं।
इसके तहत जिला एवं प्रखंड स्तरीय अस्पतालों में जांच एवं उपचार की व्यवस्था को सुदृढ़ किया जा रहा है, जो आने वाले समय में स्वास्थ्य सेवा के क्षेत्र में मील का पत्थर साबित होगी।
इसके अलावा, स्वास्थ्य विभाग द्वारा मरीजों के रेफरल मामलों को न्यूनतम करने, राष्ट्रीय राजमार्गों के टोल प्लाजा पर एम्बुलेंस सुविधा सुनिश्चित करने, ट्राॅमा सेंटरों के विस्तार तथा आयुष्मान भारत योजना के तहत अस्पतालों के नेटवर्क का दायरा बढ़ाने जैसे कई महत्वपूर्ण और जनहितैषी निर्णय लिए गए हैं, जिनका सीधा लाभ आम जनता को मिलेगा।
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि श्री निशांत के लिए ‘‘जनता का हित सर्वोपरि है’’ और उन्होंने स्पष्ट किया है कि स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी स्तर पर लापरवाही या अनियमितता को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि ‘एक स्वस्थ समाज ही समृद्ध समाज की आधारशिला होता है’ और ‘स्वस्थ तथा सुखी बिहार’ के संकल्प के साथ ही समृद्ध बिहार का निर्माण साकार होगा। इसी उद्देश्य के तहत श्री निशांत सूबे की स्वास्थ्य व्यवस्था को नए आयाम देने में जुटे हैं।
(संजय कुमार सिन्हा)
कार्यालय सचिव



