
दिनांक : 17 अगस्त 2026
- *राष्ट्रीय लोक मोर्चा का तीन दिवसीय ‘विमर्श शिविर’ 20 से 22 अगस्त तक राजगीर में*
पटना। राष्ट्रीय लोक मोर्चा (RLM) के कैम्प कार्यालय, पटना में सोमवार को आयोजित प्रेस वार्ता में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष सह राज्यसभा सांसद माननीय उपेंद्र कुशवाहा जी ने संगठन को नई ऊर्जा, दिशा और मजबूती प्रदान करने के उद्देश्य से आयोजित होने वाले तीन दिवसीय विशेष कार्यक्रम ‘विमर्श शिविर’ की घोषणा की।
प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा जी ने बताया कि राष्ट्रीय लोक मोर्चा की ओर से 20, 21 एवं 22 अगस्त 2026 को नालंदा जिले के ऐतिहासिक एवं आध्यात्मिक नगरी राजगीर में तीन दिवसीय ‘विमर्श शिविर’ का आयोजन किया जा रहा है। इस शिविर में पूरे बिहार से पार्टी के प्रमुख पदाधिकारी, समर्पित कार्यकर्ता, जनप्रतिनिधि एवं विचारक शामिल होंगे।
उन्होंने कहा कि ‘विमर्श शिविर’ का उद्देश्य पार्टी की विचारधारा, नीतियों एवं भावी कार्ययोजना पर व्यापक वैचारिक मंथन के साथ संगठन के विस्तार, सुदृढ़ीकरण और कार्यकर्ताओं को नई ऊर्जा प्रदान करना है। शिविर के दौरान वर्तमान राजनीतिक एवं सामाजिक परिस्थितियों पर भी गंभीर चर्चा करते हुए पार्टी को जमीनी स्तर पर और अधिक मजबूत बनाने की रणनीति तैयार की जाएगी।
राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि यह शिविर पार्टी के लिए केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि वैचारिक स्पष्टता, संगठनात्मक मजबूती और भविष्य की कार्यदिशा तय करने का महत्वपूर्ण अवसर होगा। इसमें कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों के विचारों एवं सुझावों को प्राथमिकता देते हुए संगठन को और अधिक प्रभावी एवं जनोन्मुख बनाने पर विशेष जोर दिया जाएगा।
प्रेस वार्ता के दौरान पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सह दिनारा के माननीय विधायक आलोक कुमार सिंह,माननीय विधायक रामेश्वर कुमार महतो,कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष प्रशांत पंकज एवं सुभाष चंद्रवंशी, राष्ट्रीय महासचिव सह प्रवक्ता फजल इमाम मल्लिक, प्रदेश उपाध्यक्ष चौधरी बसंत पटेल,महिला प्रकोष्ठ की अध्यक्ष स्मृति कुमुद, प्रदेश प्रवक्ता नितिन भारती एवं सिम्मी कुमारी सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।
उक्त जानकारी प्रदेश महासचिव सह प्रवक्ता सुशील कुमार सिंह ने दी।



