
प्रकाशनार्थ/प्रसारणार्थ
युगपुरुष नीतीश के अद्भुत कार्यकाल में सुशासन के स्वर्णिम दौर का साक्षी बना बिहार – उमेश सिंह कुशवाहा
पटना 14 अप्रैल 2026।
बिहार जद (यू0) के मा0 प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा ने मंगलवार को जारी अपने बयान में श्री नीतीश कुमार के ‘न्याय के साथ विकास’ के सिद्धांत पर आधारित बीस वर्षों के ऐतिहासिक और जनसमर्पित कार्यकाल के लिए उनका हृदय से आभार व्यक्त किया। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि जिस प्रकार बिहार की जनता ने श्री नीतीश कुमार को लंबे अरसे से अपने हृदय में स्थान दिया है, उसी समर्पण के साथ उन्होंने भी हर बिहारवासी को अपने हृदय में बसाकर उनके उत्थान और कल्याण के लिए निरंतर कार्य किया है।
प्रदेश अध्यक्ष ने श्री नीतीश कुमार को ‘युगपुरुष’ बताते हुए कहा कि उन्होंने बिखरे और उपेक्षित बिहार को न केवल संवारने का काम किया, बल्कि हर बिहारी के जीवन में सम्मान, सुरक्षा और अवसर की नई रोशनी भी जगाई। कभी अराजकता, अव्यवस्था, भय और पिछड़ेपन से जूझता बिहार आज सुशासन, विकास और सामाजिक न्याय के एक सशक्त माॅडल के रूप में स्थापित हुआ है।
उन्होंने कहा कि श्री नीतीश कुमार ने केवल सड़कों, पुलों और भवनों का निर्माण ही नहीं किया, बल्कि बिहारवासियों के टूटे हुए आत्मविश्वास को भी नई मजबूती दी और उनकी उम्मीदों को नया आसमान प्रदान किया। तब जाकर, उनके पिछले दो दशकों के कार्यकाल में बिहार सुशासन के स्वर्णिम दौर का साक्षी बना है।
पिछले 20 वर्षों में उन्होंने अनेक ऐसे ऐतिहासिक निर्णय लिए, जिन्होंने बिहार के सामाजिक और आर्थिक परिवर्तन का मार्ग प्रशस्त किया। पंचायती राज और नगर निकायों में महिलाओं, अनुसूचित जाति-जनजाति एवं अति पिछड़ा वर्ग के लिए किए गए आरक्षण का प्रावधान देश के लिए मिसाल बने हैं। साइकिल योजना, पोशाक योजना सहित कई कल्याणकारी योजनाओं को अन्य राज्यों ने भी अपनाया।
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि श्री नीतीश कुमार एक व्यक्ति नहीं, बल्कि एक विश्वास का नाम हैं। उन्होंने बिहार में बदलाव की ऐसी कहानी लिखी है, जिसकी गूंज सदियों तक सुनाई देगी और आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी।
उन्होंने अंत में कहा कि बदहाल बिहार को खुशहाल बिहार में परिवर्तित करने में श्री नीतीश कुमार का योगदान इतिहास के स्वर्णिम पन्नों में दर्ज रहेगा। उनका ‘‘सुशासन माॅडल’’ न केवल बिहार, बल्कि पूरे देश के लिए आज भी अनुकरणीय है और भविष्य में भी नीति-निर्माण का मार्गदर्शन करता रहेगा।
(संजय कुमार सिन्हा)
कार्यालय सचिव



