

*पूर्व मुख्यमंत्रियों के बेरोजगार बेटों को रोजगार, शिक्षक अभ्यर्थियों को लाठी यह अन्याय नहीं चलेगा- राजेश राम
*TRE-4 अभ्यर्थियों पर लाठीचार्ज लोकतंत्र पर हमला- राजेश राम
पटना, 09 मई 2026
बिहार प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राजेश राम ने आज प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय, सदाकत आश्रम में आयोजित संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि TRE 4 के अभ्यर्थी अपनी जायज़ मांगों को लेकर आए थे, लेकिन सरकार ने उनकी बात सुनने के बजाय उन पर बेरहमी से लाठीचार्ज कराया। उन्होंने कहा कि सरकार अभ्यर्थियों को न्याय देने के बजाय केवल “तारीख पर तारीख” दे रही है।
राजेश राम ने आरोप लगाया कि एक ओर लाखों योग्य अभ्यर्थी रोजगार के लिए सड़कों पर संघर्ष कर रहे हैं, वहीं दूसरी ओर तीन-तीन पूर्व मुख्यमंत्रियों के बेरोजगार बेटों को मंत्री पद दी जा रही है। उन्होंने कहा कि इनमें पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेरोजगार बेटे को भी मंत्री पद दिया गया है, जो सरकार की पक्षपातपूर्ण नीति को उजागर करता है।
उन्होंने कहा कि पुरुष अभ्यर्थियों के साथ-साथ महिला अभ्यर्थियों के साथ भी पुरुष पुलिस बल द्वारा अमानवीय व्यवहार किया गया। महिला अभ्यर्थियों का दुपट्टा खींचकर उन्हें घसीटते हुए पीटा गया और कई अभ्यर्थियों को अधमरा कर दिया गया। यह पूरी तरह अलोकतांत्रिक और शर्मनाक घटना है, जिसकी कांग्रेस पार्टी कड़ी निंदा करती है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश राम ने कहा कि बिहार के शिक्षा विभाग में दो लाख से अधिक पद खाली पड़े हैं, जिनमें सबसे अधिक रिक्तियां विज्ञान और अंग्रेजी विषयों में हैं। शिक्षकों की भारी कमी के कारण छात्रों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा नहीं मिल पा रही है। इसका सीधा लाभ निजी कोचिंग संस्थान और प्राइवेट स्कूल उठा रहे हैं, जोअभिभावकों से मनमाने तरीके से फीस वसूल रहे हैं।
राजेश राम ने कहा कि कांग्रेस पार्टी छात्रों-अभ्यर्थियों के साथ कदम से कदम मिलाकर उनके अधिकारों की लड़ाई लड़ेगी। उन्होंने सरकार से तुरंत अभ्यर्थियों के साथ वार्ता कर उनकी मांगों को पूरा करने तथा दोषियों पर कार्रवाई करने की मांग की।
संवाददाता सम्मेलन में मीडिया चेयरमैन राजेश राठौड़, कमल कमलेश , शशान्त शेखर, वसीम अख्तर अंसारी , मृणाल अनामय, रंजीत कुमार बाल्मीकि मौजूद थे।
राजेश राठौड़
चेयरमैन, मीडिया विभाग
बिहार कांग्रेस



