अपराधट्रेंडिंगदिल्लीदेशपटनाप्रशासनबक्सरबाँकाबिहारब्रेकिंग न्यूज़राजनीतिराज्यवैशालीशिवहरसमस्तीपुरसारणसिवानस्वास्थ्यहरियाणा

छात्रों पर दमन और पेपर लीक के खिलाफ 4 अगस्त को पटना में होगा एनएसयूआई का महाआंदोलन : विनोद जाखड़*

छात्रों पर दमन मानवाधिकारों का गंभीर उल्लंघन - राजेश राम*

 

*छात्रों पर दमन और पेपर लीक के खिलाफ 4 अगस्त को पटना में होगा एनएसयूआई का महाआंदोलन : विनोद जाखड़*

*छात्रों पर दमन मानवाधिकारों का गंभीर उल्लंघन – राजेश राम*

*पटना, 29 जुलाई 2026*

भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (एनएसयूआई) के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद जाखड़ ने कहा कि देशभर में पेपर लीक, भर्ती परीक्षाओं में अनियमितताओं और छात्रों पर बढ़ते दमन के खिलाफ विद्यार्थियों में भारी आक्रोश है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र की भाजपा सरकार और बिहार की एनडीए सरकार छात्रों की समस्याओं का समाधान करने के बजाय उनकी आवाज़ को दबाने का प्रयास कर रही है।

प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय, सदाकत आश्रम में आयोजित संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए श्री जाखड़ ने कहा कि छात्र शिक्षा व्यवस्था में सुधार, पेपर लीक पर रोक, समयबद्ध भर्तियां, समय पर परीक्षा परिणाम तथा भर्ती कैलेंडर लागू करने की मांग को लेकर शांतिपूर्ण आंदोलन कर रहे थे। लेकिन उन पर वाटर कैनन, आंसू गैस, लाठीचार्ज और गोलीबारी जैसी कार्रवाई लोकतांत्रिक व्यवस्था पर गंभीर प्रश्नचिह्न खड़ा करती है।

उन्होंने बताया कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के निर्देश पर उन्होंने अस्पताल में भर्ती घायल छात्रों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना। राहुल गांधी ने भी पीड़ित छात्रों से फोन पर बात कर हरसंभव सहयोग का भरोसा दिया। श्री जाखड़ ने कहा कि कई घायल छात्र आर्थिक रूप से बेहद कमजोर परिवारों से आते हैं और कुछ छात्रों का भविष्य गंभीर रूप से प्रभावित हुआ है। उन्होंने मांग की कि गोली से घायल सभी छात्रों को ₹50 लाख का मुआवजा दिया जाए तथा उनके इलाज, शिक्षा और भविष्य की जिम्मेदारी सरकार उठाए।

एनएसयूआई राष्ट्रीय अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि आंदोलन समाप्त होने के बाद छात्रों पर कोई कार्रवाई नहीं करने का आश्वासन दिया गया था, लेकिन इसके बावजूद बड़ी संख्या में छात्रों पर एफआईआर दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया गया और जेल भेजा गया। उन्होंने कहा कि पटना विश्वविद्यालय छात्रसंघ अध्यक्ष शांतनु शेखर सहित कई छात्रों के साथ पुलिस का व्यवहार लोकतांत्रिक मूल्यों के विपरीत रहा है।

उन्होंने मांग की कि छात्रों पर बल प्रयोग और गोली चलाने के आदेश देने वाले सभी जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए तथा पूरे मामले की जांच सर्वोच्च न्यायालय के किसी सेवानिवृत्त न्यायाधीश की निगरानी में कराई जाए।

श्री जाखड़ ने कहा कि बिहार में शिक्षा व्यवस्था, रोजगार, कानून-व्यवस्था और लोकतांत्रिक अधिकारों की स्थिति चिंताजनक है। पेपर लीक, शिक्षा के निजीकरण, बेरोजगारी तथा छात्रों पर दर्ज मुकदमों के विरोध में 4 अगस्त को पटना में एनएसयूआई के नेतृत्व में विशाल छात्र आंदोलन आयोजित किया जाएगा।

इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राजेश राम ने कहा कि दिल्ली से लेकर बिहार तक छात्रों के शांतिपूर्ण आंदोलन पर जिस प्रकार दमन किया गया, वह लोकतांत्रिक मूल्यों और मानवाधिकारों का गंभीर उल्लंघन है। उन्होंने कहा कि छात्रों ने पूरी तरह शांतिपूर्ण और अहिंसक तरीके से अपनी मांगों को उठाया, लेकिन इसके बावजूद उन पर बल प्रयोग और गोलीबारी की घटनाएं अत्यंत निंदनीय हैं।

राजेश राम ने कहा कि उन्होंने स्वयं अस्पताल के आईसीयू में भर्ती उस घायल छात्र से मुलाकात की, जिसे गोली लगी है। गोली उसके घुटने को पार करते हुए हड्डी को गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त कर चुकी है।

राजेश राम ने आरोप लगाया कि छात्रों की आवाज़ उठाने पर सदाकत आश्रम स्थित बिहार प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय पर भी हमला किया गया। इस संबंध में प्राथमिकी दर्ज कराने के लिए आवेदन दिए जाने के बावजूद आज तक एफआईआर दर्ज नहीं की गई, जो कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है।

उन्होंने बताया कि घायल छात्र अनुसूचित जनजाति परिवार से है और अग्निवीर भर्ती प्रक्रिया में शामिल होकर देश की सेवा करने का सपना देख रहा था। छात्र ने बताया कि आवश्यक प्रमाण-पत्र बनवाने की प्रक्रिया के दौरान वह गोलीबारी का शिकार हो गया। घायल अवस्था में उसने पानी और अस्पताल पहुंचाने की गुहार लगाई, लेकिन उसे तत्काल सहायता नहीं मिली और मजबूर होकर उसे स्वयं किसी तरह अस्पताल पहुंचना पड़ा।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि यह अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है कि बिहार के मुख्यमंत्री ने अब तक घायल छात्रों से मिलने की आवश्यकता भी नहीं समझी। वहीं, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने विशेष रूप से भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (एनएसयूआई) के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद जाखड़ को बिहार भेजकर घायल छात्रों का हालचाल जानने और उनका मनोबल बढ़ाने का निर्देश दिया।

राजेश राम ने कहा कि कांग्रेस पार्टी छात्रों के अधिकारों और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए उनके साथ मजबूती से खड़ी है। उन्होंने दोषियों के विरुद्ध निष्पक्ष जांच और कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि छात्रों की आवाज़ को दमन के बल पर दबाया नहीं जा सकता।

संवाददाता सम्मेलन में बिहार NSUI के अध्यक्ष सूरज यादव, चुन्नू सिंह, भाग्य भारती , चंद्रभूषण राजपूत मौजूद थे।

राजेश राठौड़

चेयरमैन, मीडिया विभाग

बिहार कांग्रेस

Rate this post

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button