
*भाजपा प्रदेश कार्यालय में समारोह आयोजित, विधायक निशा सिंह ने संभाली भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी
*मंडल स्तर तक महिला मोर्चा को सशक्त बनाना हमारी प्राथमिकता : संजय सरावगी
*महिलाओं की भागीदारी से संगठन को मिलेगी नई मजबूती : संजय सरावगी
*नारी शक्ति को संगठन की शक्ति बनाकर आगे बढ़ेगा महिला मोर्चा : संजय सरावगी
*महिलाओं के सम्मान और सशक्तीकरण के लिए पूरी प्रतिबद्धता से काम करूंगी : निशा सिंह*
पटना, 26 अगस्त। बिहार भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश कार्यालय में बुधवार को आयोजित समारोह में नवनियुक्त महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष निशा सिंह ने विधिवत पदभार ग्रहण किया। इस अवसर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी, प्रदेश संगठन महामंत्री भीखूभाई दालसानिया, मंत्री श्रेयसी सिंह समेत पार्टी के कई वरिष्ठ नेता एवं महिला मोर्चा की पदाधिकारी उपस्थित रहीं।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने निशा सिंह को नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि महिला मोर्चा को प्रदेश से लेकर मंडल स्तर तक और अधिक सशक्त एवं सक्रिय बनाना पार्टी की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि महिलाओं की भागीदारी भाजपा की संगठनात्मक शक्ति का महत्वपूर्ण आधार है। महिला मोर्चा की कार्यकर्ता सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और पार्टी के विचारों को घर-घर तक पहुंचाने का काम करें।
उन्होंने कहा कि भाजपा ने हमेशा महिलाओं को सम्मान और नेतृत्व का अवसर दिया है। महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं की मेहनत से संगठन को बूथ, मंडल और जिला स्तर तक और मजबूत किया जाएगा। उन्होंने निशा सिंह के नेतृत्व में महिला मोर्चा के नए उत्साह और ऊर्जा के साथ काम करने का विश्वास जताया।
सरावगी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में महिलाओं के सशक्तीकरण के लिए अनेक योजनाएं संचालित की जा रही हैं। बिहार में भी महिलाओं को आत्मनिर्भर और सशक्त बनाने की दिशा में लगातार काम हो रहा है। महिला मोर्चा इन योजनाओं का लाभ समाज की अंतिम पंक्ति तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष निशा सिंह ने पार्टी नेतृत्व का आभार जताते हुए कहा कि उन्हें जो जिम्मेदारी दी गई है, उसका पूरी निष्ठा और ईमानदारी से निर्वहन करेंगी। उन्होंने कहा कि महिला मोर्चा को बूथ स्तर तक मजबूत करना, अधिक से अधिक महिलाओं को संगठन से जोड़ना और पार्टी की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाना उनकी प्राथमिकता होगी।
उन्होंने कहा कि महिला कार्यकर्ताओं की ऊर्जा और क्षमता का उपयोग संगठन को और मजबूत बनाने में किया जाएगा।
कार्यक्रम का संचालन महिला मोर्चा की निवर्तमान प्रदेश उपाध्यक्ष सरोज जायसवाल ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन दिव्या गुंजन ने किया। इस मौके पर राज्यसभा सांसद एवं पूर्व प्रदेश अध्यक्ष महिला मोर्चा डॉ. धर्मशिला गुप्ता, प्रदेश महामंत्री प्रीति शेखर, विधान पार्षद शिला प्रजापति, निवेदिता सिंह, महिला आयोग सदस्य एवं पूर्व प्रदेश प्रभारी महिला मोर्चा सजल झा, पिंकी कुशवाहा, प्रदेश उपाध्यक्ष अनामिका पासवान, शोभा सिंह एवं शिला सिंह कुशवाहा, सुषमा साहू, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष, महिला मोर्चा हेमलता वर्मा, लाजवंती झा, प्रदेश मंत्री डॉ. रागिनी रानी, अंजनी निषाद, सीमा झा, पूर्व प्रदेश मंत्री पूनम शर्मा सहित कुमकुम देवी, शशि बलदीयार और चेतना सिंह उपस्थित रहीं।



