

*मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी का भाजपा प्रदेश कार्यालय में भव्य स्वागत-अभिनन्दन, प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने दी बधाई
*सीएम बनने के बाद सम्राट चौधरी के प्रदेश कार्यालय पहुंचने पर प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने मिथिला के मखाने की माला पहनाकर किया स्वागत
*भाजपा-एनडीए कार्यकर्ताओं में विश्वास ,नीतीश के विकास मॉडल को और गति मिलेगी : संजय सरावगी
*भाजपा कार्यकर्ताओं में उत्साह, प्रदेश कार्यालय में जमकर बंटी मिठाईयां
*नई सरकार प्रशासनिक व्यवस्था को और अधिक प्रभावी, पारदर्शी एवं जनोन्मुखी बनाने के लिए संकल्पित : संजय सरावगी
पटना, 15 अप्रैल। भाजपा के वरिष्ठ नेता सम्राट चौधरी मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के बाद आज भाजपा प्रदेश कार्यालय पहुंचे। यहां उत्साहित कार्यकर्ताओं ने उनका जमकर स्वागत और अभिनन्दन किया। अभिनन्दन समारोह में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कार्यकर्ताओं का अभिवादन स्वीकार किया।
बिहार भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने भी नए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी का प्रदेश कार्यालय में स्वागत किया। उन्होंने मुख्यमंत्री के पटना स्थित प्रदेश कार्यालय में प्रथम आगमन पर अंगवस्त्र एवं मिथिला की सुप्रसिद्ध मखाने की माला पहनाकर स्वागत और अभिनन्दन किया
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी प्रदेश कार्यालय पहुंचने के बाद महान विचारक पंडित दीनदयाल उपाध्याय, डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी एवं कैलाशपति मिश्र की प्रतिमाओं पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें याद किया और नमन की।
प्रदेश कार्यालय के अटल सभागार में आयोजित स्वागत अभिनन्दन समारोह में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के पहुंचने पर उपस्थित हजारों कार्यकर्ताओं ने भाजपा , एनडीए और मुख्य्मंत्री के समर्थन में जमकर नारे लगाए और उनका स्वागत किया। यह कार्यक्रम काफी देर तक चलता रहा। इस दौरान मुख्यमंत्री सभी कार्यकर्ताओं से मिले।
इस मौके पर प्रदेश कार्यालय में प्रदेश भर के कार्यकर्ता जुटे थे। भाजपा के नेतृत्व में पहली बार सरकार बनने से उत्साहित कार्यकर्ताओं ने कार्यालय में जमकर मिठाईयां बांटी।
बिहार भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने सम्राट चौधरी के बिहार के मुख्यमंत्री के रूप शपथ ग्रहण और पदभार ग्रहण करने पर बधाई एवं शुभकामनाएं दी है। उन्होंने कहा कि आज भाजपा और एनडीए के लाखों कार्यकर्ताओं को विश्वास है कि नीतीश कुमार के न्याय के साथ विकास कार्यक्रम को और गति मिलेगी।
उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार ने प्रदेश में जो सुशासन स्थापित किया है उसे और धार देंगे तथा नीतीश कुमार के विकास मॉडल को और तेज गति से आगे बढ़ेगी।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में बिहार विकास, सुशासन और जनकल्याण के मार्ग पर नए कीर्तिमान स्थापित करेगा तथा प्रदेश के प्रत्येक वर्ग के उत्थान हेतु प्रभावी प्रयास सुनिश्चित होंगे।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने कहा कि बिहार में पहले भी एनडीए सरकार थी आज भी है और कल भी रहेगी। हमारी प्रतिबद्धता कल भी विकसित बिहार बनाने की थी और और आज भी है।
उन्होंने भरोसा जताते हुए कहा कि सुदृढ़ नीति-निर्माण, स्पष्ट प्राथमिकताएं और परिणामोन्मुखी कार्यशैली के साथ नई सरकार प्रशासनिक व्यवस्था को और अधिक प्रभावी, पारदर्शी एवं जनोन्मुखी बनाने के लिए पूर्णतः संकल्पित है।


