
तेजस्वी जैसा गैरजिम्मेदार नेता प्रतिपक्ष बिहार में कभी नहीं हुआ – उमेश सिंह कुशवाहा
पटना, 21 जुलाई 2026
बिहार जद (यू0) के मा0 प्रदेश अध्यक्ष श्री उमेश सिंह कुशवाहा ने मंगलवार को बयान जारी कर नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि बिहार के लोकतांत्रिक इतिहास में उनके जैसा गैरजिम्मेदार नेता प्रतिपक्ष कभी नहीं हुआ। संवैधानिक पदों और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति तेजस्वी यादव की घोर उदासीनता लंबे समय से सवालों के घेरे में रही है।
श्री कुशवाहा ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में नेता प्रतिपक्ष पद की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है, लेकिन तेजस्वी यादव लगातार इस पद की गरिमा को ठेस पहुँचा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि जब बिहार विधानसभा का महत्वपूर्ण मानसून सत्र चल रहा है, तब नेता प्रतिपक्ष का विदेश में छुट्टियाँ मनाना जनता के प्रति उनकी गैरजिम्मेदारी और लोकतांत्रिक मर्यादाओं के प्रति उनके असम्मान को दर्शाता है। यह पहली बार नहीं है, इससे पहले भी सदन के प्रति उनका असंवेदनशील और गैर-गंभीर रवैया कई अवसरों पर उजागर हो चुका है।
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि बिहार की जनता के बीच तेजस्वी यादव की पहचान अब एक ‘‘पार्ट-टाइम’’ और ‘‘नाॅन-सीरियस’’ नेता के रूप में बन चुकी है। जनता यह समझ चुकी है कि जनसरोकारों से दूर-दूर तक उनका कोई नाता नहीं है। नेता प्रतिपक्ष के दायित्वों का निर्वहन करने में वे पूरी तरह विफल साबित हुए हैं।
श्री कुशवाहा ने कहा कि तेजस्वी यादव के नेतृत्व में राजद का भविष्य अंधकारमय होता जा रहा है। उनकी राजनीतिक निष्क्रियता, जनता के प्रति उदासीनता और संवैधानिक दायित्वों से लगातार दूरी ने राजद को तेजी से राजनीतिक रसातल की ओर धकेल दिया है।
(संजय कुमार सिन्हा)
कार्यालय सचिव



