

जनसुनवाई में उप-मुख्यमंत्री विजय कुमार चैधरी ने सुनीं आमजनों की समस्याएं
बांकीपुर उप-चुनाव में विपक्ष का उम्मीदवार कोई भी हो, जीत एनडीए की ही होगी – विजय कुमार चैधरी
पटना, 07 जुलाई 2026
जद (यू) प्रदेश कार्यालय, पटना में आयोजित जनसुनवाई कार्यक्रम में बिहार सरकार के माननीय उप-मुख्यमंत्री श्री विजय कुमार चैधरी ने प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए फरियादियों की समस्याओं को गंभीरतापूर्वक सुना तथा उनके विधिसम्मत एवं त्वरित निष्पादन सुनिश्चित करने के लिए संबंधित अधिकारियों को दूरभाष के माध्यम से आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस अवसर पर बिहार विधान परिषद में सत्तारूढ़ दल के मुख्य सचेतक श्री संजय कुमार सिंह उर्फ गांधी जी भी उपस्थित रहे।
जनसुनवाई कार्यक्रम के उपरांत मीडिया से बातचीत करते हुए श्री विजय कुमार चैधरी ने शहीद पीर अली के शहादत दिवस पर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि देश की आजादी के लिए पीर अली का सर्वोच्च बलिदान आने वाली पीढ़ियों के लिए सदैव प्रेरणा का स्रोत रहेगा। वे इतने बड़े देशभक्त थे कि 1857 में उन्होंने अंग्रेजों द्वारा दी गई फांसी की सजा को सहर्ष स्वीकार किया, लेकिन अपने साथियों की जानकारी किसी भी परिस्थिति में उजागर नहीं की।
बिलौटी की घटना पर उन्होंने कहा कि मामले की न्यायिक जांच जारी है और जांच रिपोर्ट के आधार पर जो भी तथ्य सामने आएंगे, सरकार दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई करेगी तथा किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।
बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के संबंध में उन्होंने कहा कि विपक्ष की ओर से उम्मीदवार कोई भी हो, लेकिन वहां जीत एनडीए की ही होगी। साथ ही उन्होंने बताया कि आगामी 10 जुलाई को एनडीए की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित होगी, जिसमें गठबंधन के सभी जिला अध्यक्षों के साथ बिहार सरकार के सभी मंत्रीगण भाग लेंगे। इस बैठक में सरकार के कामकाज के संबंध में पार्टी के पदाधिकारियों से फीडबैक प्राप्त किया जाएगा।
(संजय कुमार सिन्हा)
कार्यालय सचिव



