जनसुनवाई में मंत्री श्रवण कुमार एवं मंत्री सुनील कुमार ने सुनीं आमजनों की समस्याएं
एनडीए सरकार में हर टोला, हर मोहल्ला, हर घर और हर बिरादरी तक विकास की किरणें पहुँचीं - श्रवण कुमार ग्रामीण सड़कों को और सुदृढ़ एवं बेहतर बनाने के लिए एनडीए सरकार प्रतिबद्ध - सुनील कुमार

जनसुनवाई में मंत्री श्रवण कुमार एवं मंत्री सुनील कुमार ने सुनीं आमजनों की समस्याएं
एनडीए सरकार में हर टोला, हर मोहल्ला, हर घर और हर बिरादरी तक विकास की किरणें पहुँचीं – श्रवण कुमार
ग्रामीण सड़कों को और सुदृढ़ एवं बेहतर बनाने के लिए एनडीए सरकार प्रतिबद्ध – सुनील कुमार
पटना, 06 जुलाई 2026
सोमवार को जनता दल (यू) प्रदेश कार्यालय, पटना में आयोजित जनसुनवाई कार्यक्रम में बिहार सरकार के माननीय ग्रामीण विकास मंत्री श्री श्रवण कुमार एवं माननीय ग्रामीण कार्य मंत्री श्री सुनील कुमार ने राज्य के विभिन्न जिलों से आए फरियादियों की समस्याएं सुनीं तथा उनके विधिसम्मत निष्पादन हेतु संबंधित अधिकारियों को तत्काल दूरभाष के माध्यम से आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इस मौके पर बिहार विधान परिषद में सत्तारूढ़ दल के माननीय मुख्य सचेतक श्री संजय कुमार सिंह उर्फ गांधी जी एवं माननीय विधायक श्री हेम नारायण साह मौजूद रहे।
इस अवसर पर श्री श्रवण कुमार ने कहा कि माननीय राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री नीतीश कुमार के निर्देश पर जनसुनवाई कार्यक्रम का नियमित संचालन किया जाता है। उन्होंने कहा कि समय-समय पर श्री नीतीश कुमार स्वयं भी इस कार्यक्रम का निरीक्षण करते हैं, जिससे हम सभी का उत्साह और मनोबल बढ़ता है। उन्होंने कहा कि जनसुनवाई के दौरान प्राप्त प्रत्येक समस्या के समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए जाते हैं।
पत्रकारों द्वारा बांकीपुर उपचुनाव के संबंध में पूछे गए प्रश्न के उत्तर में श्री श्रवण कुमार ने कहा कि बीते 21 वर्षों में एनडीए सरकार ने विकास एवं जनकल्याण के क्षेत्र में जो ऐतिहासिक कार्य किए हैं, उसी के आधार पर बांकीपुर की जनता एक बार फिर अपना आशीर्वाद देगी और एनडीए को प्रचंड विजय दिलाएगी। उन्होंने कहा कि एनडीए सरकार में हर टोला, हर मोहल्ला, हर घर, हर बिरादरी और हर मजहब तक विकास की किरणें पहुँची हैं। उन्होंने कहा कि गत विधानसभा चुनाव में भी प्रशांत किशोर बडे़-बड़े दावे कर रहे थे, लेकिन उनका खाता तक नहीं खुल सका। अब वे उपचुनाव में भी ताल ठोक रहे हैं, किंतु इससे उन्हें कोई राजनीतिक लाभ मिलने वाला नहीं है।
श्री सुनील कुमार ने कहा कि श्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में पूरे बिहार में ग्रामीण सड़कों का व्यापक नेटवर्क विकसित हुआ है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री सम्राट चैधरी के नेतृत्व में मौजूदा एनडीए सरकार राज्य की ग्रामीण सड़कों को और अधिक सुदृढ़ एवं बेहतर बनाने की दिशा में निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि डबल इंजन की एनडीए सरकार जनहित के प्रति पूरी तरह समर्पित है, जिसका प्रत्यक्ष लाभ राज्य की जनता को मिल रहा है। उन्होंने कहा कि श्री नीतीश कुमार द्वारा प्रारंभ की गई साइकिल एवं पोशाक योजना ने शिक्षा के क्षेत्र में नई क्रांति का सूत्रपात किया, जिसका अनुसरण देश के कई अन्य राज्यों ने भी किया।
(संजय कुमार सिन्हा)
कार्यालय सचिव



