


*भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष के रूप में सुजीत पासवान ने संभाला पदभार
*’सबका साथ, सबका विकास’ के संकल्प को गांव-गांव तक पहुंचाने का लिया संकल्प
*शपथ समारोह में प्रदेश कार्यालय में कार्यकर्ताओं का उमड़ा उत्साह, वरिष्ठ नेताओं ने दी शुभकामनाएं*
*संगठन विस्तार और समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचने पर रहेगा विशेष फोकस: सुजीत पासवान*
पटना , 3 जुलाई। भाजपा, बिहार प्रदेश अनुसूचित जाति मोर्चा के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष सुजीत पासवान ने गुरुवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय में विधिवत पदभार ग्रहण किया। इस अवसर पर आयोजित भव्य समारोह में प्रदेश के विभिन्न जिलों एवं मंडलों से बड़ी संख्या में कार्यकर्ता, पदाधिकारी एवं जनप्रतिनिधि शामिल हुए। पूरे कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल देखने को मिला।
पदभार ग्रहण करने के उपरांत अपने संबोधन में सुजीत पासवान ने पार्टी नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने एक साधारण कार्यकर्ता पर जो विश्वास जताया है, उस पर पूरी निष्ठा एवं समर्पण के साथ खरा उतरने का प्रयास करेंगे।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सामाजिक न्याय, अंत्योदय और ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ के मंत्र को अनुसूचित जाति समाज के प्रत्येक घर तक पहुंचाना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। उन्होंने कहा कि मोर्चा संगठन को बूथ स्तर तक और अधिक मजबूत किया जाएगा तथा समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए कार्यकर्ता पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम करेंगे।
समारोह को संबोधित करते हुए बिहार सरकार के मंत्री विजय कुमार सिन्हा, मंत्री लखेन्द्र पासवान, प्रदेश संगठन महामंत्री भीखूभाई दालसनिया तथा भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता गुरु प्रकाश पासवान ने सुजीत पासवान को नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं देते हुए विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में अनुसूचित जाति मोर्चा संगठनात्मक रूप से और अधिक सशक्त होगा तथा समाज के बीच पार्टी की स्वीकार्यता को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएगा।
इस अवसर पर प्रदेश उपाध्यक्ष अनामिका पासवान, योगेंद्र पासवान, मोर्चा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सुबोध पासवान, कुंवर विजय पासवान, शक्ति पासवान, मनोज चौधरी, सुनील राम, आनन्द राम, श्रीकांत प्रसाद भूषण सहित प्रदेश के अनेक पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम में प्रदेश के विभिन्न जिलों और मंडलों से पहुंचे कार्यकर्ताओं ने नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष का गर्मजोशी से स्वागत करते हुए उन्हें सफल कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम का समापन संगठन को और अधिक मजबूत बनाने, अनुसूचित जाति समाज के बीच पार्टी के जनाधार का विस्तार करने तथा आगामी चुनावों में भाजपा की ऐतिहासिक विजय सुनिश्चित करने के सामूहिक संकल्प के साथ हुआ।



