
बहुत जल्द होगी सभी जिलों के सिविल सर्जन और डीपीएम के साथ समीक्षा बैठक किसी भी प्रकार की अनियमितता बर्दाश्त नहीं –
निशांत कुमार
जनसुनवाई में मा. स्वास्थ्य मंत्री श्री निशांत कुमार ने सुनीं आमजन की समस्याएँ, अधिकारियों को दिए त्वरित समाधान के निर्देश
मा0 परिवहन मंत्री श्री दामोदर रावत ने भी सुनीं विभागीय समस्याएँ
27 मई 2026, पटना।
जदयू मुख्यालय, पटना में बुधवार को आयोजित जनसुनवाई कार्यक्रम में बिहार के विभिन्न जिलों से बड़़़ी संख्या में फरियादी अपनी समस्याओं को लेकर पहुँचे। कार्यक्रम के दौरान बिहार सरकार के माननीय स्वास्थ्य मंत्री श्री निशांत कुमार ने सभी फरियादियों की समस्याओं को गंभीरतापूर्वक सुना तथा उनके विधिसम्मत एवं त्वरित समाधान हेतु संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इस दौरान माननीय स्वास्थ्य मंत्री श्री निशांत कुमार ने कहा कि बहुत जल्द सभी जिलों के सिविल सर्जन एवं डीपीएम की समीक्षा बैठक बुलाई जाएगी, जिसमें स्वास्थ्य सेवाओं को मानकों के अनुरूप और अधिक सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाने को लेकर विस्तृत चर्चा की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि स्वास्थ्य विभाग में किसी भी प्रकार की अनियमितता किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जनता की समस्याओं का समयबद्ध समाधान सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इस दिशा में हमलोग लगातार काम कर रहे हैं।
इस अवसर पर पटना के वरिष्ठ चिकित्सकों की एक टीम ने माननीय स्वास्थ्य मंत्री श्री निशांत कुमार से शिष्टाचार मुलाकात की। बैठक में आमजन को बेहतर, सुलभ एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवा उपलब्ध कराने को लेकर विस्तारपूर्वक चर्चा हुई। मुलाकात करने वालों में पद्मश्री डाॅ0 आर0 एन0 सिंह, डाॅ0 अब्दुल हई, डाॅ0 सहजानंद, डाॅ0 अखिलेश, डाॅ0 दिनेश एवं डाॅ0 रमेश प्रसाद सिंह आदि प्रमुख हैं।
जनसुनवाई कार्यक्रम में माननीय परिवहन मंत्री श्री दामोदर रावत ने भी विभागीय समस्याओं को सुनकर उनके निष्पादन हेतु आवश्यक पहल की।
(संजय कुमार सिन्हा)
कार्यालय सचिव



