जाति से ऊपर उठा जनमत, सुशासन और प्रगति के नाम पर जनता ने चुना नीतीश माॅडल – जद (यू)

जाति से ऊपर उठा जनमत, सुशासन और प्रगति के नाम पर जनता ने चुना नीतीश माॅडल – जद (यू)
पटना 18 नवंबर 2025
जद (यू) प्रदेश प्रवक्ता श्री हिमराज राम एवं प्रदेश प्रवक्ता श्री परिमल कुमार ने मीडिया में जारी बयान में कहा कि बिहार की जनता ने इतिहास रच दिया है। 2025 के विधानसभा चुनाव में बिहार के लोगों ने जिस विश्वास और प्रचंड समर्थन के साथ एनडीए को आशीर्वाद दिया है, वह केवल एक चुनावी विजय नहीं, बल्कि बिहार के नवनिर्माण की यात्रा का अगला सुनहरा अध्याय है।
यह जीत संख्याओं की जीत नहीं है, यह बिहार की जनता की आकांक्षाओं की जीत है। यह जाति, समुदाय और क्षेत्र की संकीर्ण दीवारों से ऊपर उठकर विकास, सुशासन और समावेशी प्रगति की जीत है। मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में पिछले डेढ़ दशक से अधिक समय से चल रहा बिहार का परिवर्तन आज पूरे देश के सामने एक मिसाल बन चुका है। कभी अपहरण उद्योग और अंधेरे में डूबे रहने वाले बिहार को आज देश के सबसे तेज विकास दर वाले राज्यों में शुमार किया जा रहा है।
सड़कें बनीं, बिजली पहुंची, स्कूलों में बच्चे लौटे, लड़कियों ने साइकिल थामी, अस्पतालों में दवाइयां और डाॅक्टर आए, पंचायतों तक इंटरनेट पहुंचा, महिलाओं को आरक्षण का अधिकार मिला, शराबबंदी जैसे साहसिक फैसले हुए – ये सब केवल योजनाएं नहीं थीं, ये बिहार के आत्मसम्मान को लौटाने की लड़ाई थी।
उन्होंने कहा कि जनता ने स्पष्ट संदेश दे दिया है कि वह अब उन लोगों को नकार चुकी है जो केवल जाति और समुदाय के नाम पर वोट की राजनीति करते रहे, जिन्होंने दशकों तक बिहार को लूटा, अंधेरे में रखा और गरीबी को अपना राजनीतिक हथियार बनाया। महागठबंधन का सूपड़ा साफ होना यह साबित करता है कि बिहार की जनता अब जागरूक है, सचेत है और वह केवल और केवल विकास चाहती है। वह उस नेतृत्व पर भरोसा जताना चाहती है जिसने वादे नहीं, काम किए हैं।
आज बिहार की अर्थव्यवस्था 8 प्रतिशत से अधिक की दर से बढ़ रही है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का आगामी कार्याकाल औद्योगिक क्रांति का कार्यकाल होगा। निवेशक बिहार की ओर देख रहे हैं। स्टार्टअप्स बिहार में जन्म ले रहे हैं। युवा नौकरी मांगने की बजाय नौकरी देने की सोच रहे हैं। यह सब एक व्यक्ति के संकल्प, एक नेता की दृढ़ता और एक मुख्यमंत्री की ईमानदारी का परिणाम है।
उन्होंने कहा कि यह जीत जनता की जीत है। यह जीत उस किसान की है जिसके खेत तक बिजली और पानी पहुंच रहा है। यह जीत उस युवा की है जिसे अब बिहार में ही रोजगार का सपना दिख रहा है। बिहार की यह विकास यात्रा अब और तेज होगी, और समावेशी होगी, और और दूर तक जाएगी।
(संजय कुमार सिन्हा)
कार्यालय सचिव



