


प्रकाशनार्थ/प्रसारणार्थ
जनसुनवाई कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव एवं मंत्री जमा खान ने सुनीं आमजनों की समस्याएं
अपराधी की कोई जाति नहीं होती, जो अपराध करेगा उसके विरुद्ध कार्रवाई होगी – बिजेंद्र प्रसाद यादव
नीतीश कुमार ने बीते दो दशकों में सुदूर गांवों तक पहुंचाई विकास की किरणें -जमा खान
पटना, 22 मई 2026
जद (यू0) प्रदेश कार्यालय, पटना में आयोजित जनसुनवाई कार्यक्रम में बिहार सरकार के मा0 उपमुख्यमंत्री श्री बिजेंद्र प्रसाद यादव एवं मा0 अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री श्री जमा खान ने प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना। उन्होंने संबंधित मामलों के विधिसम्मत एवं त्वरित समाधान के लिए अधिकारियों को आवश्यक निर्देश भी दिए।
इस मौके पर प्रो0 नवीन आर्य चंद्रवंशी, श्री लोकप्रकाश सिंह, श्री अरुण कुमार सिंह, प्रदेश प्रवक्ता श्री अरविन्द निषाद एवं श्री मनीष यादव मौजूद रहे।
मीडिया से बातचीत में श्री बिजेंद्र प्रसाद यादव ने कहा कि तेजस्वी यादव ज्ञान के अभाव में बेबुनियाद बयानबाजी करने के आदि हो चुके हैं। अपराधी की कोई जाति नहीं होती है और जो भी अपराध करेगा, उसके विरुद्ध कार्रवाई होगी। अपराधियों के खिलाफ सरकार की शुरू से ‘जीरो टोलरेंस’ की नीति रही है। साथ ही उन्होंने राहुल गांधी द्वारा मा0 प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर दिए गए बयान पर कड़ी आपत्ति जताते हुए कहा कि राजनीति में सैद्धांतिक मतभेद हो सकते हैं, लेकिन व्यक्तिगत और अमर्यादित टिप्पणी लोकतांत्रिक मूल्यों के अनुरूप नहीं है। राहुल गांधी को अविलंब माफी मांगनी चाहिए। उन्होंने पेट्रोलियम पदार्थों की कम खपत को लेकर मा0 प्रधानमंत्री के सुझाव को देशहित में बताते हुए कहा कि पश्चिमी एशिया में बिगड़े
हालात के कारण आयात प्रभावित हो रहा है, इसलिए सभी लोगों को ईंधन की बचत पर ध्यान देना चाहिए।
श्री जमा खान ने कहा कि मा0 राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री नीतीश कुमार के निर्देशन में पार्टी कार्यालय में सोमवार से शुक्रवार तक जनसुनवाई कार्यक्रम का आयोजन किया जाता है। इस दौरान प्राप्त समस्याओं के विधिसम्मत निष्पादन हेतु आवश्यक कार्रवाई की जाती है। उन्होंने कहा कि आमजन की समस्याओं का समाधान ही इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य है। उन्होंने कहा कि मा0 नीतीश कुमार ने बीते दो दशकों में सुदूर गांवों तक विकास की किरणें पहुंचाने का काम किया है तथा समाज के सभी वर्गों के उत्थान के लिए निरंतर कार्य किया है। श्री जमा खान ने कहा कि विपक्ष की राजनीति अब केवल झूठे आरोपों और भ्रम फैलाने तक सीमित होकर रह गई है।
(संजय कुमार सिन्हा)
कार्यालय सचिव



