
प्रकाशनार्थ/प्रसारणार्थ
जनसुनवाई में मा0 मंत्री श्री श्रवण कुमार, श्रीमती लेसी सिंह एवं श्री सुनील कुमार ने सुनीं आमजनों की समस्याएँ
एनडीए के पास पर्याप्त संख्याबल, सभी 9 सीटों पर जीत को लेकर कोई संशय नहीं – श्रवण कुमार
निजी स्वार्थ की राजनीति करती है राजद, आम जनता से कोई सरोकार नहीं – लेसी सिंह
जनता की समस्याओं का त्वरित निराकरण सहयोग शिविर का उद्देश्य – सुनील कुमार
08 जून 2026, पटना
सोमवार को जद (यू) के प्रदेश कार्यालय, पटना में बिहार सरकार के माननीय मंत्री श्री श्रवण कुमार, माननीय मंत्री श्रीमती लेसी सिंह एवं माननीय मंत्री श्री सुनील कुमार ने प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए फरियादियों की समस्याओं को गंभीरतापूर्वक सुना। इस दौरान समस्याओं के त्वरित एवं समयबद्ध निष्पादन के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
इस मौके पर मीडिया से बातचीत में श्री श्रवण कुमार ने श्री निशांत कुमार सहित एनडीए की ओर से विधान परिषद के लिए नामांकन दाखिल करने वाले सभी उम्मीदवारों को बधाई एवं शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने कहा कि एनडीए के पास पर्याप्त संख्याबल है और सभी 9 सीटों पर जीत को लेकर किसी प्रकार का कोई संशय नहीं है। साथ ही उन्होंने कहा कि सरकार समय-समय पर सुरक्षा व्यवस्था की
समीक्षा कर आवश्यक निर्णय लेती है तथा लालू परिवार को भी निर्धारित नियमों के अनुसार पर्याप्त सुरक्षा उपलब्ध कराई जा रही है।
श्रीमती लेसी सिंह ने कहा कि एनडीए सरकार दुर्भावना से कोई कार्य नहीं करती है। आवास आवंटन हो या सुरक्षा से जुड़़़ा कोई मामला, सभी निर्णय निर्धारित नियमों और प्रक्रियाओं के अनुसार लिए जाते हैं। उन्होंने कहा कि राजद के लोगों को जनता से कोई सरोकार नहीं है और वे केवल निजी स्वार्थ की राजनीति में लगे रहते हैं।
श्री सुनील कुमार ने कहा कि पंचायत स्तर पर आयोजित ‘सहयोग शिविरों’ से आम लोगों को सीधे लाभ मिल रहा है तथा उनकी समस्याओं का स्थानीय स्तर पर समाधान किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक माह के प्रथम एवं तृतीय मंगलवार को सहयोग शिविर आयोजित किए जाते हैं, जिनका उद्देश्य जनता की समस्याओं का त्वरित एवं प्रभावी निराकरण करना है। इस जनहितकारी पहल को लेकर आम जनता में काफी उत्साह का वातावरण है।
(संजय कुमार सिन्हा)
कार्यालय सचिव



